Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

नहीं थम रहा टैरिफ वॉर, अमेरिका ने 245% तक बढ़ाया आयात शुल्क, चीन बोला- ट्रेड वॉर से नहीं डरते

नहीं थम रहा टैरिफ वॉर, अमेरिका ने 245% तक बढ़ाया आयात शुल्क, चीन बोला- ट्रेड वॉर से नहीं डरते
वॉशिंगटन। अमेरिका और चीन के बीच जारी टैरिफ युद्ध अब और तेज हो गया है। अमेरिका ने चीन पर 100% अतिरिक्त टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। इसके साथ ही चीनी उत्पादों पर कुल अमेरिकी टैरिफ 245% तक पहुंच गया है। यह कदम चीन द्वारा 11 अप्रैल को अमेरिकी सामानों पर 125% टैरिफ लगाने के जवाब में उठाया गया है। हालांकि इससे पहले चीन ने संकेत दिए थे कि वह अमेरिका की ओर से लगाए जाने वाले किसी भी अतिरिक्त टैरिफ का जवाब नहीं देगा, लेकिन अब बीजिंग ने दो टूक कहा है कि वह ट्रेड वॉर से डरता नहीं है।

अमेरिका आपसी हित के आधार पर करे बातचीत- चीन

चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने अमेरिका की इस घोषणा के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “अगर अमेरिका सच में डायलॉग और समझौते के जरिए मुद्दे को हल करना चाहता है, तो उसे अनावश्यक दबाव बनाना, डराना और ब्लैकमेल करना बंद करना चाहिए। उसे चीन के साथ समानता, सम्मान और आपसी हित के आधार पर बातचीत करनी चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि यह टैरिफ युद्ध अमेरिका ने शुरू किया है, चीन नहीं। चीन केवल अपने हितों की रक्षा में प्रतिक्रिया दे रहा है और उसके सभी कदम तार्किक एवं अंतरराष्ट्रीय नियमों के अनुसार हैं।

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- चीन को बातचीत की पहल करनी होगी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस मामले पर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि अब चीन को ही बातचीत की पहल करनी होगी। ट्रंप ने हमेशा से चीन पर अनुचित व्यापार व्यवहार का आरोप लगाया है और उसे अमेरिका की अर्थव्यवस्था के लिए खतरा बताया है।

245% टैरिफ में क्या-क्या शामिल

अमेरिका द्वारा घोषित 245% टैरिफ में किस उत्पाद पर कितना टैक्स लगेगा, इस पर चीन ने स्पष्ट जवाब देने से इनकार किया है। लिन जियान ने कहा, “इसकी जानकारी आपको अमेरिका से लेनी चाहिए। हम केवल जवाबी कार्रवाई कर रहे हैं, पहल हमने नहीं की।”

चीन ने अमेरिका से बोइंग प्लेन लेने से किया इंकार

टैरिफ युद्ध की तपिश अब कंपनियों पर भी दिखने लगी है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक चीन ने अपनी एयरलाइन कंपनियों को अमेरिकी विमान निर्माता कंपनी बोइंग से नए विमानों की डिलीवरी लेने से मना कर दिया है। इसके साथ ही बीजिंग ने अमेरिका में बनने वाले एयरक्राफ्ट पार्ट्स और डिवाइसेस की खरीद पर भी रोक लगा दी है। यह फैसला अमेरिका द्वारा 145% टैरिफ लगाने के जवाब में लिया गया था। बता दें, बोइंग एक प्रमुख अमेरिकी कंपनी है जो एयरप्लेन, रॉकेट, सैटेलाइट, टेलीकम्युनिकेशन उपकरण और मिसाइल बनाती है। इसकी स्थापना 15 जुलाई 1916 को विलियम बोइंग ने की थी। बोइंग न केवल अमेरिका की सबसे बड़ी निर्यातक कंपनी है, बल्कि यह दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी डिफेंस डीलर भी है।  
Wasif Khan
By Wasif Khan

फिलहाल जुलाई 2024 से पीपुल्स अपडेट में सब-एडिटर हूं। बीते 3 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हूं। 12वीं म...

Latest Posts