
कुरनूल। आंध्र प्रदेश में कुरनूल जिले के देवरगट्टू गांव में बन्नी उत्सव में बड़ा हादसा हो गया। इस दौरान दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार-बुधवार की मध्यरात्रि में उस वक्त हुई जब उत्सव के दौरान फेंकी गई जलती मशाल से बचने की कोशिश में लोग पेड़ से नीचे गिर गए। बता दें कि उत्सव का नजारा देखने के लिए कई लोग पेड़ों पर चढ़ गए थे।
आज की अन्य खबरें…
महाराष्ट्र के सतारा में विस्फोट, एक ही परिवार के पांच सदस्य गंभीर रूप से घायल

कोल्हापुर। महाराष्ट्र के सतारा जिले के कराड शहर के मुजावर कॉलोनी में बुधवार को हुए विस्फोट में एक ही परिवार के पांच सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मंगलवार रात के बाद से सतारा जिले में यह दूसरा विस्फोट है, जब महाबलेश्वर में दुर्गा पूजा जुलूस के दौरान जनरेटर के पेट्रोल पाइप में विस्फोट हो गया। इसमें 8 लड़के लड़कियां गंभीर रूप से घायल हो गए थे। कराड शहर के पुलिस अफसरों के मुताबिक, शांतिनगर की मुजावर कॉलोनी में शकील मुल्ला नाम के शख्स के घर पर बड़ा विस्फोट हुआ। धमाका इतना भीषण था कि घर की दीवारें तक ढह गईं। इस घटना में उनके परिवार के पांच सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें कृष्णा अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस फायर ब्रिगेड के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस विस्फोट के कारणों की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ चुनाव के लिए BJP ने जारी की अंतिम सूची, जानें कहां से किसे मिला टिकट
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने बुधवार को अंतिम सूची कर दी है। जिसमें चार उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है। राज्य की कुल 90 विधानसभा सीटों के लिए बीजेपी पहले ही 86 उम्मीदवारों की सूची जारी कर चुकी है। बता दें कि राज्य में सात और 17 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा। पार्टी की ओर से जारी सूची के मुताबिक, राजेश अग्रवाल को अंबिकापुर, सुशांत शुक्ला को बेलतरा, धनीराम धीवर को कसडोल और दीपेश साहू को बेमेतरा से उम्मीदवार बनाया गया है।
ओडिशा में दर्दनाक हादसा, दो बाइकों की टक्कर में 4 की मौत; 3 गंभीर घायल
भुवनेश्वर। ओडिशा में नुआपाड़ा जिले में दर्दनाक सड़क हादसा। बोडेन पुलिस स्टेशन के अंतर्गत राजपुर छक में बुधवार को दो बाइक आपस में टकरा गई। इस हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। सूत्रों ने बताया कि यह घटना तब हुई, जब युवक दुर्गापूजा मंडपों से दर्शन कर घर लौट रहे थे। घायलों को नुआपाड़ा और बोडेन अस्पताल में भर्ती कराया है। सभी मृतकों की उम्र 15 से 24 वर्ष के बीच थी। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।