जबलपुरमध्य प्रदेश

MP News : बालाघाट-मंडला सीमा पर पुलिस-नक्सलियों की मुठभेड़, गोलीबारी में दो नक्सली ढेर

मध्य प्रदेश के बालाघाट-मंडला जिले की सीमा पर बुधवार सुबह पुलिस की हॉक फोर्स और नक्सलियों में मुठभेड़ हुई। इस दौरान गोलीबारी में दो नक्सली ढेर हो गए। गोली लगने से एक नक्सली के घायल होने की जानकारी मिली है, जो अपनी रायफल छोड़कर घने जंगल में भाग निकला। पुलिस ने उसकी सघन तलाशी शुरू कर दी है। यह मुठभेड़ बालाघाट, मंडला और छत्तीसगढ़ की सीमावर्ती क्षेत्र सुपखार-मोतीनाला के पास हुई।

पुलिस ने फायरिंग में मार गिराए 2 नक्सली

जानकारी के मुताबिक, कान्हा भोरमदेव के नक्सलियों की सुपखार व मंडला के जंगल में होने की सूचना पुलिस को मिली। जिसके बाद मंडला-बालाघाट जिले की संयुक्त हॉक फोर्स टीम को जंगल में रवाना किया गया। यहां पर सर्चिंग के दौरान नक्सलियों ने हॉक फोर्स टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद हॉकफोर्स ने जवाबी फायरिंग की और दो नक्सलियों को ढेर कर दिया। वहीं एक अन्य नक्सली को भी गोली लगने से वह घायल हो गया है।

इसकी पुष्टि मंडला जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह ने की है। वहीं पुलिस महानिरीक्षक संजय सिंह समेत मंडला-बालाघाट के पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।

मप्र, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ सरकार ने रखा था इनाम

इस मुठभेड़ में मारे गए नक्सली कान्हा भोरमदेव नक्सली दलम कमेटी के सक्रिय सदस्य बताए गए हैं। उनके पास से एक एके-47 भी बरामद हुई है। सूत्रों के अनुसार, राजेश उर्फ नंदा वंजाम (19) पाल गुंडम थाना भेज्जी जिला सुकमा बस्तर का निवासी है, जिस पर मध्य प्रदेश सरकार ने 3 लाख, महाराष्ट्र सरकार ने 12 लाख और छत्तीसगढ़ ने 5 लाख रुपए का इनाम रखा था। यानि उस पर 20 लाख रुपए का इनाम घोषित था।

मुठभेड़ में ढेर दूसरा नक्सली गणेश (27) साकिन नरगुडा थाना कासनपुर जिला गढ़चिरोली महाराष्ट्र का निवासी है, जिसके पास से SLR बरामद हुई है। गणेश पर मप्र सरकार ने 3 लाख, महाराष्ट्र ने 4 लाख, छत्तीसगढ़ ने 5 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। यानि वह भी 12 लाख रुपए का इनामी नक्सली था।

ये भी पढ़ें: बालाघाट में एनकाउंटर : पुलिस मुठभेड़ में महिला समेत 3 नक्सली ढेर, हाक फोर्स के जवानों ने जंगल में घुसकर मारा

मध्यप्रदेश की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button