‘पुष्पा झुकेगा नहीं’ कहने वाले टीएमसी नेता की पत्नी गिरफ्तार,पति की गिरफ्तारी के बाद भड़का था बवाल

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा इलाके में टीएमसी नेता जहांगीर खान की गिरफ्तारी के बाद शुरू हुआ विवाद अब और गहरा गया है। पुलिस ने अब उनकी पत्नी रेजिना बीबी उर्फ सरिना को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उन्होंने अपने पति की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन आयोजित किए और बड़ी संख्या में लोगों को जुटाकर माहौल तनावपूर्ण बनाने की कोशिश की। रेजिना बीबी की गिरफ्तारी के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए उनके खिलाफ पहले ही मामला दर्ज किया गया था और अब जांच के दौरान पर्याप्त जानकारी मिलने पर कार्रवाई की गई है।
पति की गिरफ्तारी के बाद शुरू हुआ विरोध
दरअसल, कुछ दिन पहले पश्चिम बंगाल पुलिस ने टीएमसी नेता जहांगीर खान को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें उन्हें रस्सी से बांधकर ले जाया जाता दिखाई दिया था। वीडियो सामने आने के बाद उनके समर्थकों में नाराजगी फैल गई थी। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के विरोध में फाल्टा और आसपास के इलाकों में प्रदर्शन शुरू हो गए। कई जगह सड़क जाम किए गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी हुई। इसी दौरान प्रशासन को सूचना मिली कि थाने के घेराव और बड़े विरोध प्रदर्शन की तैयारी की जा रही है।
रेजिना बीबी पर क्या हैं आरोप?
पुलिस का दावा है कि रेजिना बीबी ने अपने पति के समर्थन में लोगों को एकजुट करने में अहम भूमिका निभाई थी। जांच एजेंसियों का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ने की आशंका पैदा हो गई थी, जिसके चलते सुरक्षा बलों को मौके पर तैनात करना पड़ा। अधिकारियों के अनुसार, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और स्थानीय पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। इसी मामले में रेजिना बीबी के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
गिरफ्तारी के बाद कुछ दिनों तक नहीं मिली थीं
पुलिस के मुताबिक मामला दर्ज होने के बाद रेजिना बीबी सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आ रही थीं। जांच टीम लगातार उनकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान उनकी लोकेशन की जानकारी मिली और दक्षिण 24 परगना क्षेत्र से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
कौन हैं जहांगीर खान?
फाल्टा इलाके में जहांगीर खान को प्रभावशाली स्थानीय नेता माना जाता है। चुनाव प्रचार के दौरान वह अक्सर खुद की तुलना फिल्म ‘पुष्पा’ के किरदार से करते थे। सभाओं में वह कई बार फिल्म का चर्चित संवाद “पुष्पा झुकेगा नहीं” दोहराते दिखाई दिए थे, जिसके चलते स्थानीय राजनीति में उन्हें ‘फाल्टा का पुष्पा’ भी कहा जाने लगा। वर्ष 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में उन्होंने टीएमसी के टिकट पर फाल्टा सीट से चुनाव लड़ा था। हालांकि चुनाव के दौरान उन पर मतदाताओं को डराने, चुनावी प्रक्रिया में बाधा डालने और हिंसा फैलाने जैसे आरोप लगे।
ये भी पढ़ें: एक IAS की नौकरी पर संकट, 2 आईएएस और PCS समेत 12 पर एक्शन... जमीन सौदे ने खोले कई राज
नेपाल भागने की तैयारी में था नेता?
चुनाव परिणाम आने के बाद जहांगीर खान को हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद वह सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दिए। इस बीच उनके खिलाफ जबरन वसूली समेत कई मामलों में एफआईआर दर्ज की गई। गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने कलकत्ता हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका भी दाखिल की थी, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली। पुलिस का दावा है कि वह नेपाल की ओर भागने की तैयारी में थे, लेकिन 8 जून को पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने उन्हें नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार कर लिया।
जांच का दायरा बढ़ा
अब जहांगीर खान और उनकी पत्नी रेजिना बीबी दोनों पुलिस हिरासत में हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच की जा रही है। प्रदर्शन, सड़क जाम और कथित रूप से कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की घटनाओं में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












