Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अंगूर खाने वालों सावधान...गुनगुने पानी में साफ किए बिना खाया तो होंगे बीमार

सोशल मीडिया पर आ रही चेतावनी पर कृषि विज्ञानी व डॉक्टर्स ने कहा.....
अंगूर खाने वालों सावधान...गुनगुने पानी में साफ किए बिना खाया तो होंगे बीमार

प्रीति जैन- पिछले कुछ दिनों से अंगूर में पेस्टिसाइड्स की मौजूदगी और उसकी ऊपरी परत पर सफेद कोटिंग को लेकर रील्स, शॉर्ट्स से लेकर यू-ट्यूब वीडियोज तक में चर्चा की जा रही है। डॉक्टर्स से लेकर न्यूट्रिशनिस्ट द्वारा अंगूर की खेती में इस्तेमाल होने वाले कीटनाशकों के मानव शरीर को होने वाले नुकसान पर जानकारी दी जा रही है, जिसमें बिना धुले अंगूरों के खतरों को उजागर किया गया है। डॉक्टर्स द्वारा अंगूर के ऊपर से सफेद कोटिंग को हटाना बेहद जरूरी बताया जा रहा है और इसे खाने से पहले धोने के तरीके बताए जा रहे हैं। एक्सपर्ट्स ने बताया कि अंगूर की खेती में अन्य फलों की अपेक्षा ज्यादा कीटनाशकों का इस्तेमाल होता है।

ऐसी पोस्टों से भरा सोशल मीडिया

सोशल मीडिया ऐसी पोस्टों से भरा पड़ा है, जिनमें बिना धुले अंगूरों के खतरों को उजागर किया गया है। हाल में फूड ब्लॉगर वाणी शर्मा ने अंगूरों की सफाई और स्टोरेज के लिए एक इंस्टाग्राम टिप साझा की जो कि वायरल हुई। कीटनाशकों या रासायनिक कोटिंग को हटाने के लिए अंगूरों को सिरके और बेकिंग सोडा में 15 मिनट के लिए भिगोएं, फिर तीन से चार बार अच्छी तरह धोएं। बॉडी फिट टीवी और द डाइट चैनल ने बताया कि बिना धोए अंगूर खाना संभावित स्वास्थ्य जोखिम पैदा करते हैं। धोने से कीटनाशक, गंदगी और बैक्टीरिया जैसे दूषित पदार्थ निकल जाते हैं।

अंगूर साफ करने का यह तरीका भी अपना सकते हैं

कुछ लोग समुद्री नमक और बेकिंग सोडा से सफाई करना पसंद करते हैं, जिसमें फल को धोने से पहले 5-7 मिनट तक भिगोना होता है। बेकिंग सोडा फलों की परत पर जमा कीटनाशकों के अवशेषों को हटाने में मदद कर सकता है और सिरका बैक्टीरिया से लड़ सकता है लेकिन इस पद्धति की प्रभावशीलता और सुरक्षा वैज्ञानिक रूप से सिद्ध नहीं हुई है। इसलिए फलों को गुनगुने पानी में रखने के बाद फिर बहते पानी के नीचे धोना पर्याप्त माना जाता है। -डॉ. अलका दुबे, न्यूट्रिशनिस्ट

फलों की क्लीनिंग प्रोसेस ठीक तरह से फॉलो करें

अंगूर हो या अन्य फल उन पर कीटनाशकों का छिड़काव होता है जो कि कैंसर के खतरे को बढ़ाते हैं। अंगूर खाने के बाद गला सूखना, गले में इंफेक्शन जैसी समस्याएं होती हैं लेकिन यदि फलों को आधे घंटे गुनगुने पानी में छोड़कर फिर अच्छी तरह साफ करके व सुखाकर खाया जाए तो यह परत हट जाती है। फलों को छीलकर खाना भी सुरक्षित है। - डॉ. प्रणव रघुवंशी, गेस्ट्रोएंट्रोलॉजिस्ट

6 माह की फसल में 10 बार कीटनाशक का छिड़काव

अंगूर की खेती में अन्य फलों की अपेक्षा ज्यादा कीटनाशक इस्तेमाल होते हैं क्योंकि इस पर कीड़ा जल्दी लगता है। इसकी वजह अंगूर का मीठा और मुलायम होना है। अंगूर की बेलों में छह महीनों में फल आ जाते हैं और इस दौरान किसान उस पर 8 से 10 बार फंगस को हटाने वाले कीटनाशक का इस्तेमाल करते हैं, उसका अत्याधिक इस्तेमाल अंगूर को कीटनाशकों से भर देता है। ऊपरी परत पर जो सफेद कोटिंग दिखती है, वो फंगीसाइड कीटनाशक होता है जो कि कार्सिनोजेनिक रसायन होता है। यह घटक शरीर की कोशिकाओं की आनुवांशिक संरचना को बदलकर कैंसरयुक्त बनाता है। फिर भी अंगूर खाना चाहते हैं, खूब साफ करके खाएं। -जीएस कौशल, पूर्व निदेशक कृषि विभाग

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts