Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

तमिलनाडु जहरीली शराब कांड : मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 47, एक साथ जलीं कई चिताएं; 30 की हालत अब भी गंभीर

तमिलनाडु जहरीली शराब कांड : मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 47, एक साथ जलीं कई चिताएं; 30 की हालत अब भी गंभीर
कल्लाकुरिचि। तमिलनाडु के कल्लाकुरिचि जिले में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 47 हो गई है। जबकि इलाज करा रहे 118 लोगों में से 30 की हालत गंभीर है। 20 जून को सभी मृतकों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। राज्य सरकार ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। वहीं तीन आरोपियों को 15 दिन (5 जुलाई तक) की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

जहरीली शराब पीने से 165 लोग हुए थे बीमार

कल्लाकुरिची के जिलाधिकारी प्रशांत एमएस ने कहा कि इस घटना में गुरुवार तक मारे गए 29 लोगों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं। उन्होंने शवों अंतिम संस्कार कर दिया है। उन्होंने कहा, ''जहरीली शराब पीने से कुल 165 लोग बीमार हुए थे और उन्हें कल्लाकुरिची, जेआईपीएमईआर, सलेम और मुंडियाम्बक्कम सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें से अब तक 47 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि इलाज करा रहे 118 लोगों में से 30 की हालत गंभीर है।''

जहरीली शराब की बिक्री रोकने टीमें गठित

जिलाधिकारी ने कहा, ''एक सुखद खबर यह है कि बीमार हुए लोगों में से तीन लोग ठीक हो गए हैं।'' कल्लाकुरिची में उपचाराधीन मरीजों से मिलने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में जहरीली अवैध देशी शराब की बिक्री को रोकने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। साथ ही अधिकारियों को गहन तलाशी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।

लोगों से की जांच कराने की अपील

जिलाधिकारी प्रशांत ने बताया कि प्रशासन के पास जहरीली अवैध देशी शराब पीने से बीमार हुए लोगों का इलाज करने के लिए दवाओं का पर्याप्त भंडार है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में करुणापुरम में प्रभावित लोगों की संख्या जानने के लिए घर-घर जाकर गणना भी की जा रही है। जिलाधिकारी ने जनता से अपील की कि जिन लोगों ने अवैध शराब का सेवन किया है, वे खुद ही जल्द से जल्द जांच कराएं और आवश्यकता पड़ने पर इलाज कराएं, ताकि उनके जीवन को खतरा न हो।

शराब पीने के बाद बिगड़ी थी तबियत

ये घटना 18 जून को कल्लाकुरिची जिले के करुणापुरम हुई। घटना के पीड़ितों में ज्यादातर दिहाड़ी मजदूर शामिल हैं। शराब पीने के बाद रात होते-होते इन लोगों को दस्त, उल्टी, पेट दर्द और आंखों में जलन होने लगी। जिसके बाद सभी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां पर इलाज के दौरान मौतों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति के कन्नुकुट्टी (49) के पास से लगभग 200 लीटर जहरीली शराब बरामद की थी, जिसमें मेथनॉल मिला हुआ है।

CB-CID को सौंपी गई जांच

मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने मौतों पर दुख जताया और कहा कि, इसे रोकने में विफल रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। कल्लाकुरिची DM श्रवण कुमार जाटवथ का ट्रांसफर करने के साथ ही SP समय सिंह मीना को सस्पेंड कर दिया गया है। इसके अलावा कल्लकुरिची जिले की निषेध शाखा के पुलिसकर्मियों समेत 9 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया है। एमएस प्रशांत को जिले का नया कलेक्टर और राजथ चतुर्वेदी को SP नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार ने मामले की जांच CB-CID को सौंप दी है।

ऐसे अपराधों को सख्ती से दबाया जाएगा : CM स्टालिन

तमिलनाडु के CM एमके स्टालिन ने X पर लिखा, ‘कल्लाकुरिची में मिलावटी शराब पीने वाले लोगों की मौत की खबर सुनकर मैं स्तब्ध और दुखी हूं। इस मामले में अपराध में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसे रोकने में विफल रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। अगर जनता ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के बारे में जानकारी देती है तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी। समाज को बर्बाद करने वाले ऐसे अपराधों को सख्ती से दबाया जाएगा।’ ये भी पढ़ें- तमिलनाडु : जहरीली शराब से अब तक 34 की मौत, 60 लोग अस्पताल में भर्ती; CB-CID को सौंपी गई जांच
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts