तमिल अभिनेता मदन बॉब का निधन : 71 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, कैंसर से हार गए जिंदगी की जंग

चेन्नई। तमिल सिनेमा के जाने-माने कॉमेडियन और अभिनेता मदन बॉब का शनिवार, 2 अगस्त 2025 को चेन्नई के अडयार स्थित उनके घर पर निधन हो गया। वे लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। 71 वर्ष की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके परिवार के करीबी सूत्रों ने इस दुखद खबर की पुष्टि की है। उनके निधन से पूरी तमिल फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।
एस. कृष्णमूर्ति था असली नाम
मदन बॉब का असली नाम एस. कृष्णमूर्ति था। फिल्मों में आने से पहले उन्होंने संगीत के क्षेत्र में भी काम किया। बाद में उन्होंने बतौर कॉमेडियन अपनी एक अलग पहचान बनाई। उनके चेहरे के एक्सप्रेशंस, सटीक डायलॉग डिलीवरी और सहज अभिनय ने उन्हें दर्शकों का चहेता बना दिया।
200 से ज्यादा फिल्मों में किया अभिनय
मदन बॉब ने अपने करियर की शुरुआत 1980 के दशक में की थी। उनकी पहली प्रमुख फिल्म थी ‘नींगल केट्टवई’ (1984)। इसके बाद उन्होंने ‘थेवर मगन’, ‘सती लीलावती’, ‘चंद्रमुखी’, ‘कावलन’, ‘रन’, ‘वरलारू’ और ‘वसूले राजा MBBS’ जैसी तमिल सिनेमा की कई सुपरहिट फिल्मों में अभिनय किया। उन्होंने 200 से ज्यादा फिल्मों में काम किया और अधिकतर में कॉमिक व सपोर्टिंग रोल निभाए।
सुपरस्टार्स के रहे साथी
मदन बॉब ने तमिल फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेताओं रजनीकांत, कमल हासन, विजय, अजीत, और सूर्या के साथ स्क्रीन साझा की। वे हर फिल्म में अपने छोटे-से रोल को भी खास बना देते थे। उनकी उपस्थिति से हर दृश्य में जीवन आ जाता था।
टीवी पर भी बनाई खास पहचान
सिर्फ फिल्मों में ही नहीं, मदन बॉब ने टेलीविजन की दुनिया में भी गहरी छाप छोड़ी। वे सन टीवी के मशहूर कॉमेडी शो ‘असाथा पोवधु यारु’ में बतौर जज नजर आए थे। शो में उनके हावभाव और हंसी के पल आज भी लोगों को याद हैं। उन्होंने युवाओं के बीच भी खास पहचान बनाई।
प्रभु देवा सहित कई सितारों ने जताया शोक
एक्टर-डांसर प्रभु देवा ने सोशल मीडिया पर मदन बॉब की एक तस्वीर शेयर कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और लिखा- हमने साथ काम किया है। सेट पर उनकी उपस्थिति हमेशा सुकून देती थी। उनका हंसमुख स्वभाव हमेशा याद रहेगा। उनके परिवार के प्रति संवेदना।
आखिरी समय तक बीमारी से लड़ते रहे
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मदन बॉब पिछले कुछ वर्षों से कैंसर से पीड़ित थे और उनका इलाज भी चल रहा था। उनकी हालत हाल के महीनों में ज्यादा बिगड़ गई थी। इसके चलते वे फिल्मों से दूर हो गए थे और आखिरकार 2 अगस्त को उन्होंने अंतिम सांस ली।
अभिनय के साथ संगीत में भी माहिर
कम ही लोग जानते हैं कि मदन बॉब एक कुशल संगीतकार भी थे। फिल्म इंडस्ट्री में आने से पहले उन्होंने संगीत के क्षेत्र में भी काम किया। बाद में जब उन्होंने अभिनय में कदम रखा तो वहीं उनका असली जादू चला।
तमिल इंडस्ट्री में कॉमेडी का जब भी जिक्र होगा, मदन बॉब का नाम जरूर लिया जाएगा। वे एक ऐसे कलाकार थे, जिनकी कॉमिक टाइमिंग, सादगी और परफॉर्मेंस लोगों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेगी।
ये भी पढ़ें: द केरल स्टोरी को नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिलने पर सीएम पिनाराई विजयन ने जताई आपत्ति, कहा- यह केरल के लोगों का अपमान











