ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

मोहन कैबिनेट का बड़ा फैसला, पचमढ़ी वन्य जीव अभ्यारण का नाम राजा भभूत सिंह के नाम पर होगा, नर्मदा अंचल के शिवाजी को दी ऐतिहासिक मान्यता

पचमढ़ी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में पचमढ़ी में आयोजित कैबिनेट बैठक में एक बड़ा ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। अब पचमढ़ी वन्य जीव अभ्यारण का नाम बदलकर राजा भभूत सिंह के नाम पर रखा जाएगा। नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि यह निर्णय राजा भभूत सिंह की जन्म और कर्मभूमि के सम्मान में लिया गया है।

राजा भभूत सिंह को “नर्मदा अंचल का शिवाजी” कहा जाता है। उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया और उनकी रणनीतियों से औपनिवेशिक शासन को चुनौती दी।

पचमढ़ी में सीएम डॉ. मोहन यादव एवं मंत्रिपरिषद के सदस्यों का ग्रुप फोटो।

पचमढ़ी के राजभवन में आयोजित इस बैठक की शुरुआत राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुई। बैठक को राजा भभूत सिंह की स्मृति और जनजातीय समाज के कल्याण को समर्पित बताया गया।

राजस्व विभाग में बड़ा प्रशासनिक सुधार

  • राजस्व विभाग में 500 पदों को समाप्त कर 1200 नए पदों का सृजन किया गया है।
  • इनमें IT से जुड़े पदों को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।
  • प्रमुख राजस्व आयुक्त और आयुक्त अभिलेख के पदों को मिलाकर नया पद – कमिश्नर लैंड रिसोर्स मैनेजमेंट बनाया गया है।

महिला श्रमिकों को मिलेगा रात में काम करने का अवसर

  • कैबिनेट ने महिलाओं को रात में सुरक्षित तरीके से काम करने की अनुमति देने वाले प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
  • लेबर लॉ में संशोधन कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी का शोषण न हो।
  • ठेका श्रमिकों की सीमा और कार्यस्थल की श्रेणियों में बदलाव के भी फैसले लिए गए।

इंदौर में बनेगा एग्रो आईआईटी हब

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रस्ताव पर कैबिनेट ने इंदौर आईआईटी में एग्रो आईआईटी हब स्थापित करने की मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य कृषि क्षेत्र में नवाचार और युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने के लिए मंच प्रदान करना है।

मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर होंगे कार्यक्रम

कैबिनेट बैठक में तय किया गया कि 5 जून को उज्जैन में वेलनेस समिट का आयोजन किया जाएगा। 9 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 11 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राज्यभर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सीएम ने जताया पीएम मोदी का आभार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने इंदौर में मेट्रो, और सतना व दतिया को हवाई अड्डे की सौगात देकर विकास को नई दिशा दी है। उन्होंने जलगंगा संवर्धन अभियान में खंडवा को देश का सर्वश्रेष्ठ जिला घोषित किए जाने पर भी बधाई दी।

मंत्री विजय शाह बैठक से रहे अनुपस्थित

जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह इस बार भी कैबिनेट बैठक में उपस्थित नहीं रहे। यह लगातार तीसरी बैठक है, जिसमें वे शामिल नहीं हुए। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बनी एसआईटी टीम उनके विवादित बयान की जांच कर रही है।

संबंधित खबरें...

Back to top button