
नव निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को मध्यप्रदेश आ रही हैं। वह बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर शहडोल में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। इसके अलावा पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम होंगे। सीएम शिवराजसिंह चौहान ने रविवार को शहडोल पहुंचकर खुद तैयारियों का जायजा लिया। बता दें कि राष्ट्रपति बनने के बाद ये पहला मौका है जब द्रौपदी मुर्मू मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लागू करेंगी पेसा एक्ट
प्रदेश सरकार जनजातीय गौरव दिवस पर प्रदेश में पेसा (पंचायत अनुसूचित क्षेत्रों पर विस्तार) अधिनियम लागू करने जा रही है। इसकी मदद से अनुसूचित क्षेत्रों की ग्राम सभाओं को अधिकार देकर आदिवासियों को पावरफुल किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पेसा अधिनियम के कार्यान्वयन की भी अध्यक्षता करेंगी।
इस प्रकार है राष्ट्रपति का कार्यक्रम
- दिल्ली से दोपहर 2 बजे शहडोल में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगी।
- शहडोल से रवाना होकर शाम 05.25 बजे राजभवन भोपाल आएंगी।
- शाम 06.30 से रात 07.15 बजे तक राजभवन में राष्ट्रपति का पारंपरिक तरीके से स्वागत होगा।
इन परियोजनाओं का करेंगी वर्चुअल शिलान्यास
- वर्चुअल माध्यम से रातापानी, औबेदुल्लागंज-इटारसी राजमार्ग को फोरलेन किए जाने का शिलान्यास करेंगी।
- वर्चुअल माध्यम से DRDE ग्वालियर की लैबोरेटरी का (BSL-4) का शिलान्यास करेंगी।
ये भी पढ़ें – VIDEO : राष्ट्रपति के कार्यक्रम में शहडोल जा रही बस पलटी, एक की मौत; 30 से ज्यादा घायल
16 नवंबर को भोपाल में होगा सम्मेलन
- बुधवार दोपहर 11.30 से दोपहर 12.30 बजे तक भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में महिला स्व-सहायता समूहों के सम्मेलन में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू शामिल होंगी।
- दोपहर 12.45 बजे स्टेट हैंगर भोपाल से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दिल्ली प्रस्थान करेंगी।
पंचायतों में होगा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
मध्यप्रदेश के शहडोल में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में बिरसा मुंडा की जयंती मनाई जाएगी, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी शामिल होंगी। शहडोल में इसको लेकर राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारी की गई है। इस कार्यक्रम में प्रदेश के 11 जिलों से एक लाख से अधिक आदिवासी परिवारों को बुलाया गया है। शहडोल से प्रदेशभर की पंचायतों में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी होगा।
कार्यक्रम में ये रहेंगे मौजूद
शहडोल के कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ सीएम शिवराज सिंह चौहान, राज्यपाल मंगूभाई पटेल, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते मौजूद रहेंगे। साथ ही मप्र सरकार की तरफ से जनजातीय कार्य मंत्री मीना सिंह, वन मंत्री विजय शाह, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री बिसाहूलाल सिंह, पशुपालन मंत्री प्रेम सिंह पटेल और शहडोल की सांसद हिमाद्री सिंह मौजूद रहेंगी।
राष्ट्रपति के दौरे की मिनिस्टर इन वेटिंग लिस्ट जारी
- जबलपुर में 15 नवंबर को विमानतल पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत मिनिस्टर इन वेटिंग रहेंगे।
- 15 नवंबर को शहडोल हेलीपैड पर मंत्री राम खेलावन पटेल मिनिस्टर इन वेटिंग रहेंगे।
- 16 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के भोपाल आगमन पर विमानतल पर प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा मिनिस्टर इन वेटिंग रहेंगे।