
भोपाल। राजधानी में 2 दिनों से बारिश पर ब्रेक है। साथ ही अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई है। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में बारिश की गतिविधि फिर से शुरू होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान पर एक चक्र है और एक ट्रफ रेखा राजस्थान से पश्चिम बंगाल की ओर जा रही है। आज मध्यप्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया।
3 जुलाई तक होगी व्यापक बारिश
मप्र मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय होने वाली एक प्रणाली से राज्य में 27 जून से 3 जुलाई के बीच व्यापक बारिश होगी। वहीं, भोपाल में शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा है। राजधानी में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जबकि, रात में सामान्य से एक डिग्री अधिक 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। हवा की दिशा दक्षिण-पूर्वी थी, जिसकी औसत गति 10 किमी प्रति घंटे थे। प्रदेश में रीवा, धार और उमरिया में अच्छी बारिश हुई है।
गरज-चमक के साथ होगी बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को भोपाल में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। साथ ही मौसम शुष्क रहेगा। दिन में अधिकतम तापमान 38 और रात में 25 डिग्री सेल्सियस रहेगा। राज्य मौसम पूर्वानुमान के अनुसार रीवा और शहडोल संभाग सहित सिवनी, मंडला, छिंदवाड़ा, डिंडोरी, बैतूल, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर और पन्ना जिले में गरज, चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश अलर्ट जारी किया गया है।
मप्र में 6 सिस्टम है एक्टिव
मौसम विज्ञान के अनुसार, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में हवा के ऊपरी भाग में एक द्रोणिका के रूप में बना है। दक्षिणी गुजरात से केरल तक एक अपतटीय द्रोणिका लाइन है। अरब सागर के महाराष्ट्र तट पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। राजस्थान पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात से लेकर पश्चिम बंगाल तक एक द्रोणिका लाइन बनी हुई है। ओडिशा में भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है।
इन छह मौसम प्रणालियों के असर से कुछ नमी आने के कारण मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ वर्षा हो रही है। रविवार से भोपाल, जबलपुर, रीवा शहडोल, इंदौर संभागों के जिलों में वर्षा की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: छिंदवाड़ा में CM शिवराज ने कमलनाथ पर साधा निशाना, कहा- संबल योजना बंद कर दी… मामा तोड़ने नहीं जोड़ने आया है