अंतर्राष्ट्रीयताजा खबर

प्रिंस हैरी को अमेरिका से डिपोर्ट नहीं करेंगे ट्रंप, बोले- मैं उन्हें अकेला छोड़ दूंगा, उनकी अपनी पत्नी के साथ बहुत सारी समस्याएं हैं

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अवैध प्रवासियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है, लेकिन ब्रिटिश शाही परिवार के सदस्य प्रिंस हैरी को अमेरिका से बाहर करने से इनकार कर दिया है। ट्रंप ने यह बयान ऐसे समय में दिया है जब हैरी की इमिग्रेशन स्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं और कानूनी लड़ाई भी चल रही है।

प्रिंस हैरी के खिलाफ कार्रवाई नहीं करेंगे ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को द न्यूयॉर्क पोस्ट को दिए इंटरव्यू में स्पष्ट किया कि वह प्रिंस हैरी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, “मैं ऐसा नहीं करना चाहता। मैं उन्हें अकेला छोड़ दूंगा। उनकी अपनी पत्नी के साथ बहुत सारी समस्याएं हैं।”

ट्रंप ने इस इंटरव्यू में मेघन मार्कल की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि वह बहुत खराब हैं। ट्रंप पहले भी मेघन मार्कल की आलोचना कर चुके हैं।

प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेघन मार्कल ने जनवरी 2020 में शाही परिवार के कार्यकारी सदस्य के रूप में पद छोड़ दिया था और अमेरिका के कैलिफोर्निया में बस गए थे।

इस विवाद के पीछे हेरिटेज फाउंडेशन का एक मुकदमा है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि प्रिंस हैरी ने अमेरिकी वीजा के लिए आवेदन करते समय अपने ड्रग्स के सेवन की जानकारी छुपाई थी। इस पर कई अमेरिकी रिपब्लिकन नेताओं ने सवाल उठाए हैं।

प्रिंस विलियम की तारीफ

ट्रंप ने हैरी के बड़े भाई प्रिंस विलियम की प्रशंसा करते हुए उन्हें एक महान युवा व्यक्ति बताया। उन्होंने दिसंबर 2024 में नोट्रे-डेम कैथेड्रल के पुनः उद्घाटन के दौरान पेरिस में प्रिंस विलियम से मुलाकात की थी।

इसके विपरीत, ट्रंप ने हमेशा प्रिंस हैरी का मजाक उड़ाया है। उन्होंने यह भी दावा किया था कि हैरी मेघन द्वारा पीटे गए व्यक्ति हैं।

हैरी और मेघन को नहीं पसंद ट्रंप

ड्यूक और डचेस ऑफ ससेक्स (प्रिंस हैरी और मेघन मार्कल) लंबे समय से डोनाल्ड ट्रंप की आलोचना करते रहे हैं। मेघन ने सार्वजनिक रूप से ट्रंप को विभाजनकारी और महिला विरोधी बताया था। बदले में ट्रंप ने भी उन्हें निशाना बनाना जारी रखा।

अब अमेरिका है हैरी का स्थायी पता

शाही परिवार से विवाद के चलते प्रिंस हैरी ने आधिकारिक रूप से ब्रिटेन छोड़ दिया है। 2024 में स्काई न्यूज ने एक रिपोर्ट में बताया था कि उन्होंने अपनी चैरिटी ट्रैवलिस्ट के दस्तावेजों में अमेरिका को अपना नया प्राथमिक निवास स्थान बताया है।

इससे पहले, वह हमेशा अपने दस्तावेजों में ब्रिटेन को प्राथमिक निवास स्थान लिखवाते थे। 29 जून 2023 को बकिंघम पैलेस ने पुष्टि की थी कि हैरी और मेघन अब ब्रिटेन के फ्रॉगमोर कॉटेज में नहीं रहते। यह वही घर था, जिसे 2018 में क्वीन एलिजाबेथ ने उनकी शादी पर गिफ्ट किया था।

शाही परिवार से हैरी का विवाद कैसे हुआ शुरू

मार्च 2021 में, प्रिंस हैरी और मेघन ने ओपरा विन्फ्रे को एक इंटरव्यू दिया था, जिसमें उन्होंने ब्रिटिश शाही परिवार पर नस्लभेद का आरोप लगाया था। मेघन ने कहा था कि शाही परिवार उनके बेटे आर्ची को प्रिंस का दर्जा नहीं देना चाहता था क्योंकि उन्हें डर था कि उसका रंग ज्यादा काला हो सकता है।

इस आरोप के बाद शाही परिवार को आधिकारिक बयान जारी करना पड़ा था, जिसमें कहा गया था कि वे नस्लभेद के मुद्दे को गंभीरता से लेते हैं।

ये भी पढ़ें- भोपाल-नर्मदापुरम हाईवे पर रमाशिव ट्रेवल्स की बस डिवाइडर से टकराई, दुर्घटना में 25 यात्री घायल

संबंधित खबरें...

Back to top button