
इंदौर के कमला नेहरू वन्यप्राणी संग्रहालय से दुखद खबर सामने आई। दुनिया के पहले तीन रंग के बाघ शावक की शुक्रवार मौत हो गई। दो दिन पहले ही एक अन्य शावक की भी मौत हो गई थी। रविवार को सफेद बाघिन रागिनी ने तीन शावकों को जन्म दिया था, जिनमें से सिर्फ एक ही जीवित बचा है। अब इंदौर के चिड़ियाघर में कुल 13 बाघ रह गए हैं।
तीन में से एक ही शावक बचा
चिड़ियाघर में शुक्रवार को विश्व बाघ दिवस के कार्यक्रम आयोजित हो रहे थे। दोपहर तक बाघिन अपने दोनों शावकों का ख्याल रख रही थी। मगर शाम को तीन रंग वाला शावक नजर नहीं आया। चिड़ियाघर प्रबंधन ने जांच में पाया कि दूसरे शावक की भी मौत हो गई है। अब केवल एक शावक बचा है, जो सफेद और काले रंग का है।
तीन रंग के शावकों को दिया था जन्म
चिड़ियाघर के प्रभारी डॉ. उत्तम यादव ने बताया कि रविवार को बाघिन रागिनी ने तीन रंग (सफेद, पीला और काला) के शावक को जन्म दिया था। इस तरह के रंग संयोजन का बाघ दुनिया में कहीं भी नहीं है। अब तक यह शावक स्वस्थ लग रहा था, लेकिन शुक्रवार को खुद बाघिन ही इसे खा गई।
ये स्पष्ट नहीं है कि प्राकृतिक मौत के बाद बाघिन ने उसे खाया या बीमार होने पर मार दिया। यह वन्य जीवन का हिस्सा है। आप वन्यप्राणियों के व्यवहार का अनुमान नहीं लगा सकते। फिलहाल, वह तीसरे शावक का ख्याल रख रही है। हम शावक और बाघिन के बीच किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं करेंगे। ऐसा करने से वह भड़क सकती है और शावक पर हमला कर सकती है।
इंदौर जू में 12 साल में 29 बाघों का जन्म
साल 2010 से अब तक इंदौर के चिड़ियाघर में 29 बाघों का जन्म हुआ है। इनमें से 7 की मौत हुई है। इन 2 शावकों से पहले साल 2018 में एक शावक की मौत हुई थी।
शावक के तीन रंग का कारण
तीन शावकों का जन्म 12 साल की सफेद बाघिन रागिनी और पांच साल के काले बाघ विक्की से हुआ था। जीवों में रंग के लिए मेलानिन यानी प्राकृतिक रंगद्रव्य पिगमेंट जिम्मेदार होता है। इसी के रूप यूमेलेनिन के प्रभाव से त्वचा का रंग बदलता है। जब एक ही प्रजाति के जीवों में अलग-अलग रंग इसी रंगद्रव्य के असंतुलन से होता है।
काले बाघ और सफेद बाघिन के बीच मेल-मिलाप से शावक जन्मे हैं, इसलिए बालों का अलग रंग (तीन रंग) प्रभावी हो गया है। इसमें काला और सफेद रंग बाघ-बाघिन से तथा स्वाभाविक पीला रंग मूल प्रजाति से प्रभावी हुआ।
ये भी पढ़ें: Indore Zoo : इंदौर में सफेद बाघिन रागिनी के तीन शावकों में से एक नहीं आ रहा नजर, जानें क्या हुआ