
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान के बांद्रा स्थित घर में घुसकर उन पर हमला करने वाला आरोपी आखिरकार पकड़ा गया। मुंबई पुलिस ने 72 घंटे बाद शनिवार देर रात हमलावर को ठाणे से गिरफ्तार किया। इसको लेकर मुंबई पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रही है। पुलिस ने बताया कि, चोरी करने के इरादे से आरोपी सैफ के घर में घुसा था। उसके पास भारत का कोई वैध दस्तावेज नहीं है, उसके बांग्लादेशी होने का शक है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस ने दी जानकारी
पुलिस ने बताई असली पहचान : सैफ अली खान पर 16 जनवरी को तड़के 2:30 बजे के करीब उनके घर में हुए हमले को लेकर मुंबई पुलिस ने 19 जनवरी सुबह करीब 9 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। डीसीपी दीक्षित गेदाम ने बताया गया कि, एक आरोपी को ठाणे से गिरफ्तार किया गया है। उसका असली नाम मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद है, जिसकी उम्र 30 साल है। प्राथमिक जांच के बाद हमें ऐसे साक्ष्य मिले हैं, जिससे हम कह सकते हैं आरोपी बांग्लादेशी मूल का है। भारत में अवैध रूप से आने के बाद उसने अपना नाम विजय दास रख लिया था। उसके पास भारत का कोई वैध दस्तावेज नहीं है। इसलिए पुलिस ने उसके खिलाफ पासपोर्ट एक्ट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
किस इरादे से सैफ के घर में घुसा था आरोपी : पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी करने के इरादे से घर में घुसा था। आरोपी पहले भी सैफ के घर में आ चुका था या नहीं, इस बारे में अभी हमारे कोई पुख्ता जानकारी नहीं है। हमें लगता है कि चोरी के इरादे से वह पहली बार सैफ के घर में घुसा था। वह 5-6 महीने पहले मुंबई आया था। यहां वह हाउसकीपिंग एजेंसी में काम करता है।
क्या आरोपी का कोई आपराधिक रिकॉर्ड है : आरोपी शहजाद ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि, उसे नहीं पता था कि वह सैफ अली खान के घर में घुस रहा है। उसका इरादा सिर्फ चोरी करने का था और इसीलिए वह घर में घुसा था। अचानक सैफ अली खान उसके सामने आ गए और उसने एक्टर पर चाकू से कई बार हमला कर दिया, जिसमें वह घायल हो गए। मुंबई पुलिस के मुताबिक आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास नहीं रहा है। पुलिस आरोपी के बारे में अन्य जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि, अगर वह बांग्लादेशी नागरिक है, तो उसने भारत में अवैध एंट्री कैसे की।
ठाणे में कहां से किया गया गिरफ्तार
मुंबई पुलिस की जोन 6, जोन 9, और ठाणे की कसारवाड़ी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी मोबाइल लोकेशन की मदद से ठाणे के हीरानंदानी लेबर कैंप इलाके से अरेस्ट किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ साल पहले वह इसी इलाके में मजदूरी करता था। वह ठाणे के एक बार में हाउसकीपिंग का भी काम कर चुका है। पकड़े जाने के बाद आरोपी ने गुनाह कबूल कर लिया है। पुलिस स्टेशन में उससे पूछताछ चल रही है। उसने अपने कई नाम बताए हैं, जिनमें- बिजॉय दास, विजय दास, मोहम्मद इलियास, मोहम्मद सज्जाद, बी.जे. शामिल हैं। पुलिस इस बात की जांच भी कर रही है कि, पकड़ा गया आरोपी भारतीय है या अवैध रूप से मुंबई में रह रहा बांग्लादेशी।
इससे पहले पुलिस ने शनिवार (18 जनवरी) को एक संदिग्ध को छत्तीसगढ़ के दुर्ग से हिरासत में लिया गया था। पुलिस अब तक करीब 50 लोगों से पूछताछ कर चुकी है। मामले की जांच और आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए 35 टीमें लगाई गई थीं।
क्या है पूरा मामला
15 जनवरी: 15-16 जनवरी की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे आरोपी सैफ अली खान के बांद्रा स्थित घर में घुसा और उन पर चाकू से हमला किया। सैफ के गले, पीठ, हाथ और सिर समेत 6 जगह चाकू लगे थे। उन्हें रात में ही अस्पताल ले जाया गया।
16 जनवरी: लीलावती अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि, सैफ की रीढ़ की हड्डी में चाकू का टुकड़ा फंसा था और फ्लूड भी लीक हो रहा था। ऑपरेशन करके इसे निकाला गया। डॉक्टरों ने कहा कि अगर चाकू 2 मिमी और अंदर चला जाता, तो सैफ की रीढ़ को बहुत नुकसान हो सकता था।
17 जनवरी: लीलावती अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि सैफ को ICU से स्पेशल रूम में शिफ्ट कर दिया गया है। अब वे खतरे से बाहर हैं।
18 जनवरी: पुलिस ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग से एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया। वह शख्स शालीमार ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में जनरल डिब्बे में बैठा था। उसकी पहचान मुंबई से भेजी गई तस्वीर के आधार पर की गई।
ये भी पढ़ें- Saif Ali Khan Case : पुलिस ने संदिग्ध को छोड़ा, कहा- जिसे पकड़ा उसका हमले से लेना-देना नहीं…
One Comment