राष्ट्रीय

आज बंद हो जाएंगे बदरीनाथ धाम के कपाट: 20 क्विंटल फूलों से सजाया मंदिर, गर्भगृह में विराजेंगी मां लक्ष्मी

उत्तराखंड में बदरीनाथ धाम के कपाट आज बंद हो जाएंगे। कपाट बंद होते ही आज चारधाम यात्रा का समापन भी हो जाएगा। बदरीनाथ धाम के कपाट को वृष लग्न में शाम 6 बजकर 45 विधि-विधान से बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने से पहले मंदिर को भव्य तरीके से सजाया गया है। इसके लिए करीब 20 क्विंटल फूल मंगवाए गए थे, जिसमें गेंदा, गुलाब और कमल के फूल शामिल हैं। मंदिर के कपाट बंद होने से पहले आज रावल स्त्री वेश धारण करेंगे और माता लक्ष्मी को गर्भगृह में स्थापित करेंगे। जिसके बाद शीतकाल के लिए मंदिर के कपाट को बंद कर दिए जाएंगे।

दर्शन के गवाह बनने पहुंचे श्रद्धालु

बता दें कि आज सुबह ब्रह्ममुहूर्त में 4.30 बजे मंदिर के कपाट खोल दिए गए। सुबह 5 बजे के करीब अभिषेक किया गया। वहीं सुबह 8 बजे बाल भोग करवाया गया। मुहूर्त के मुताबिक दोपहर 11.30 बजे भोग लगाया जाएगा. जिसके बाद शाम 6.30 बजे उद्धवजी और कुबेरजी को गर्भगृह से मंदिर परिसर में लाया जाएगा। इनके आने के बाद मां लक्ष्मी को गर्भगृह में विराजमान किया जाएगा। शाम 6.45 बजे मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। भगवान के दर्शन और कपाट बंद होने के दर्शन के गवाह बनने के लिए भारी संख्या में भक्त भी बदरीनाथ धाम पहुंचे हैं।

चारधामों में पांच लाख श्रद्धालु पहुंचे

19 नवंबर को 2 हजार 768 तीर्थ यात्रियों ने बदरीनाथ धाम के दर्शन किए। इस बार चारधामों में पांच लाख रिकार्ड श्रद्धालु पहुंचे हैं। इनमें से श्री बदरीनाथ धाम 191106, श्री केदारनाथ 242712, श्री गंगोत्री 33166, श्री यमुनोत्री 33306 तीर्थयात्री दर्शन के लिए पहुंचे हैं। चार धाम पहुंचने वाले कुल तीर्थयात्रियों की संख्या 500290 है।

अन्य राष्ट्रीय खबराें के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button