
भोपाल। विश्व को ‘जियो और जीने दो’ का संदेश देने वाले अहिंसा के प्रणेता भगवान महावीर का जन्मकल्याणक महोत्सव 3 अप्रैल को श्रद्धा भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। भोपाल जैन समाज की सर्वोच्च संस्था दिगम्बर जैन पंचायत कमेटी ट्रस्ट के तत्वावधान में महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर चार दिवसीय कार्यक्रम होंगे। भगवान महावीर के संदेश- जीवदया को आत्मसात करते हुए धर्मावलंबी 4 दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ 1 अप्रैल को गौसेवा के साथ समाजजन करेंगे। समाज के लोग बृजमोहन रामकली गौसंरक्षण केन्द्र हलाली डैम जाकर गोवंश की सेवा करेंगे।
2 अप्रैल को प्रातः 9 बजे से निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन संत भवन जैन मंदिर रोड पर होगा, जिसमें भोपाल के वरिष्ठ चिकित्सक विभिन्न रोगों की जांच के साथ चिकित्सा परामर्श देंगे। मुंबई की संगीत-संध्या का आयोजन कीर्ति स्तम्भ रोशनपुरा चौराहे पर शाम 7 बजे होगा। बॉलीवुड की सुप्रसिद्ध भजन गायिका खुशबू जैन के साथ अहिंसा जैन सागर एवं साथी कलाकार भगवान महावीर के जीवन संदेश के साथ संगीतमय स्वर लहरियों के साथ भजन किया जाएगा।
चौक जैन मंदिर से निकलेगी विशाल शोभा यात्रा
भगवान महावीर जन्म कल्याणक के दिन चौक जैन मंदिर से सुबह 7 बजे विशाल शोभायात्रा निकलेगी। दिगम्बर जैन पंचायत कमेटी ट्रस्ट के अध्यक्ष मनोज बांगा, मंत्री मनोज आर.एम. ने मीडिया से चर्चा के दौरान बताया कि परम्परानुसार 501 केसरिया ध्वज पताकाओं के तले आचार्य विद्यासागर महाराज के शिष्य मुनिश्री अजितसागर महाराज, मुनिश्री निर्दोषसागर महाराज, मुनिश्री निर्लोभसागर महाराज, मुनिश्री निरूपमसागर महाराज, एलक दयासागर महाराज, एलक विवेकानंदसागर महाराज के सानिध्य में विशाल शोभायात्रा में भगवान जिनेन्द्र के तीन रथ, जिसमें रजतमयी रथ, अश्व रथ और गज रथ के साथ चांदी की पालकी शामिल होगी। जिसमें भगवान महावीर और चौबीस तीर्थंकर भगवान की प्रतिमाएं श्रद्धा-भक्ति और आस्था का केंद्र होंगी।
आकर्षण का केंद्र बनेंगी झांकियां
शोभायात्रा में बारेलाल बैंण्ड नरसिंहगढ़, राजकमल शहनाई, जगदीश बैण्ड के साथ समाज के युवा और युवतियों द्वारा संचालित दिव्यघोष भगवान महावीर के गुणों की वंदना करते हुए जयघोष करेंगे। चौक युवा मण्डल के कार्यकर्ताओं द्वारा भगवान महावीर जी तीर्थ क्षेत्र की भव्य झांकी टीले वाले बाबा का प्रस्तुतिकरण होगा। पाठशाला के बच्चों द्वारा संचालित आचार्य विद्यासागर महाराज के संदेश गौसेवा, इंडिया नहीं भारत बोलो, हथकरघा भारत का स्वाभिमान और पर्यावरण की रक्षा का महत्व बताती हुई झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।
पंचायत कमेटी ट्रस्ट के अध्यक्ष मनोज बांगा, मंत्री मनोज आर.एम. ने बताया कि शोभायात्रा में सम्मिलित होने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, मंत्रीमण्डल के सदस्यों के साथ, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न सामाजिक और व्यापारिक संस्थाओं के प्रमुख लोगों को आमंत्रित किया गया है। शोभायात्रा में सभी मंदिर समितियों के अध्यक्ष, पदाधिकारियों के साथ विद्योदय युवा महासंघ, महिला मण्डल, सोशल ग्रुप, अखिल भारतवर्षीय महिला परिषद, बहुमण्डल चौक, जिनवाणी वैयावृत्ति समिति, पाठशाला परिवार, महिला महासमिति, विभिन्न मंदिरों के दिव्यघोष, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
#भोपाल : विश्व को #जियो_और_जीने_दो का संदेश देने वाले अहिंसा के प्रणेता भगवान #महावीर का जन्मकल्याणक 3 अप्रैल को श्रद्धा भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। भोपाल जैन समाज की सर्वोच्च संस्था दिगम्बर जैन पंचायत कमेटी ट्रस्ट के तत्वावधान में महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर चार… pic.twitter.com/HCrSBykV7O
— Peoples Samachar (@psamachar1) March 31, 2023