ताजा खबरराष्ट्रीय

इटावा में एक ‘हिस्ट्रीशीटर’ का शव मिला, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

इटावा। इटावा जिले के ऊसराहार थाना क्षेत्र में शनिवार को एक ‘हिस्ट्रीशीटर’ का शव पुलिस ने बरामद किया, जिसे गोली लगी थी। इटावा के SSP संतोष कुमार वर्मा ने बताया कि मैनपुरी जिले का मूल निवासी जयराम (50) इग्घरा गांव और ऊसराहार के बीच सड़क किनारे मृत मिला और उसके शव पर गोली लगने का निशान है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, जयराम 2013 में अपने भाई और भाभी की हत्या के मामले में बरी होने के बाद 2019 से इग्घरा गांव में रह रहा था। जयराम का नाम थाने में ‘हिस्ट्रीशीटर’ की सूची में दर्ज था।

आज की अन्य खबरें…

बांग्लादेश में बाढ़ से मरने वालों की संख्या हुई 18, जनजीवन अस्त-व्यस्त

ढाका बांग्लादेश में बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। मरने वालों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। आपदा प्रबंधन एवं राहत मंत्रालय के तहत आने वाले देश के राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया समन्वय केंद्र की नवीनतम दैनिक आपदा स्थिति रिपोर्ट के अनुसार, बाढ़ से देश के कुल 64 जिलों में से 11 में लगभग 50 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। रिपोर्ट में बताया गया कि बाढ़ से प्रभावित 7 जिलों में 18 लोगों की मौत हो गई है। भारी बारिश और भारतीय सीमाओं पर पहाड़ियों से पानी के बढ़ने से आई बाढ़ में सड़कें बह गई हैं। अधिकारियों को अभी भी कई दक्षिण-पूर्वी और उत्तरी जिलों में आपूर्ति पहुंचाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। इसके अलावा, बाढ़ ने उत्तरी और दक्षिण-पूर्वी क्षेत्रों के बड़े हिस्से में घरों और फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया है।

बिहार के पश्चिम चंपारण में हादसा, गंडक नदी में नाव पलटी, 6 लोग डूबे

बगहाबिहार में पश्चिम चंपारण जिले में शनिवार को हादसा हो गया। भितहा थाना क्षेत्र में गंडक नदी में नाव पलट जाने से एक महिला समेत छह लोगों के डूबने की खबर सामने आई है। पुलिस ने बताया कि चंदरपुर गांव के करीब 50 लोग एक नाव पर सवार होकर गंडक दियारा क्षेत्र में रोपे गए धान का खर-पतवार निकालने और मवेशियों का चारा लाने जा रहे थे। इस दौरान बीच रास्ते में नाव अनियंत्रित होकर गंडक नदी में पलट गई। इस घटना में नाव पर सवार एक महिला समेत छह लोग डूब गए, जबकि अन्य तैरकर बाहर आ गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोर और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम डूबे लोगों की तलाश कर रही है।

संबंधित खबरें...

Back to top button