
इंदौर। मानपुर रेंज के उंडवा वनक्षेत्र में रविवार को एक डेढ़ साल के तेंदुए का शव मिला। पैर में चोट के निशान देखकर ग्रामीणों ने तेंदुए के शिकार होने की आशंका जताई है। सूचना पर वन विभाग के अफसर मौके पर पहुंचे। शव की जांच के बाद वेटरनरी डॉक्टरों ने जानवरों की आपसी लड़ाई होना बताया, क्योंकि तेंदुए के गले पर दूसरे वन्यप्राणी के दांत के निशान मिले हैं।
ये भी पढ़ें: भिंड में अजीब मामला: युवक ने पालतू कुत्ते को चाकू से काटा और खाने लगा, लोगों को दिखाकर पीया खून
घटना स्थल पर मिले बड़े पंजों के निशान
जानकारी के मुताबिक, उंडवा कक्ष क्र. 31 में रविवार को मादा तेंदुए का शव मिला। ग्रामीणों ने मानपुर रेंजर को शिकार होने की बात बताई गई। वन विभाग सुबह दस बजे सीसीएफ एसएच मोहंता, डीएफओ नरेंद्र पंडवा, रेंजर पीएस चौहान सहित वनकर्मी और एसटीएसएफ की टीम घटना स्थल पर पहुंच गई। मौका निरीक्षण करने पर क्षेत्र में दो तेंदुओं से जुड़े प्रमाण मिले। सूत्रों के मुताबिक एक स्थान पर बड़े पंजों के निशान दिखे। इसके आधार पर अफसरों ने दो तेंदुओं की लड़ाई होने की आशंका जताई।
अफसरों ने लड़ाई होने की जताई आशंका
घटना स्थल पहुंचे वेटरनरी डॉक्टरों ने तेंदुए के शव का परीक्षण किया। गले के पास दांत के निशान मिले हैं, जो दो इंच गहरे हैं। डॉक्टरों ने तेंदुए की मौत रात 12 से 3 बजे के बीच होने की बात कही। सूत्रों के मुताबिक तेंदुए का शव पूरी तरह अकड़ चुका था। खून के थक्के भी बन गए थे। पैर पर भी खरोंच के निशान हैं। रेंजर पीएस चौहान का कहना है कि तेंदुओं की आपसी लड़ाई के प्रमाण मिले हैं। बीते कई दिनों से क्षेत्र में नर तेंदुआ घूम रहा था। इसके बारे में ग्रामीणों ने कई बार सूचना भी दी। रेंजर चौहान ने कहा, डेढ़ वर्षीय मादा तेंदुए के शव के परीक्षण के बाद डॉक्टरों की कमेटी ने रिपोर्ट दी है।
तेंदुए के सिर में मिले थे 42 छर्रे
दरअसल, इंदौर रेंज के नयापुरा वनक्षेत्र में 10 जुलाई को एक घायल तेंदुआ मिला था। ग्रामीणों के बयान पर वनकर्मी दो तेंदुओं की आपसी लड़ाई बता रहे थे। ढाई महीने तक इसे लेकर इंदौर रेंज जांच करता था, लेकिन सितंबर 2020 में तेंदुए के सिर का सीटी स्कैन हुआ, जिसमें 42 छर्रे मिले थे। वहीं रविवार को मिले तेंदुए में भी ग्रामीण शिकार की आंशका जता रहे है। फिलहाल अधिकारी इस मामले में पूरी तरह से पुष्टि नहीं कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: दतिया में सिंध नदी के पुल से बाइक समेत गिरा युवक, मौके पर मौत, क्षतिग्रस्त पुल से हुआ हादसा
पहले भी इंदौर में मिला था तेंदुए का शव
गौरतलब है कि इंदौर रेंज में आने वाले मोरोद माचल वनक्षेत्र में 17 जनवरी को एक तेंदुए का शव मिला था। शरीर पर कोई निशान नहीं था। सूत्रों के मुताबिक तेंदुए को जहर देना बताया था, लेकिन मगर पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों ने उम्रदराज तेंदुए के कई अंग काम नहीं करना बताया था। बाद में तेंदुए का अंतिम संस्कार कर दिया।