
इंदौर। क्राइम ब्रांच द्वारा लगातार शहर में मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत बुधवार को चंदन नगर थाना क्षेत्र से एक युवक को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया। पकड़े गए युवक के पास से तीन किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है। उस पर र शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 6 से अधिक अपराध दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक वह इलाके में लंबे समय से गांजा सप्लाई कर रहा था। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ अन्य अपराधियों की जानकारी भी निकाली जा रही है।
डीसीपी क्राइम निमिष अग्रवाल ने बताया कि चंदन नगर थाना क्षेत्र में रहने वाला 20 वर्षीय आफताब इलाके में गांजा तस्करी का काम कर रहा था। इलाके में गांजे की सप्लाई के साथ-साथ अन्य मामलों में भी आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज हैं। क्राइम ब्रांच पता कर रही है कि आफताब शहर में किन लोगों के जरिये गांजा सप्लाई का नेटवर्क चलाता था। यही नहीं, यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह गांजा कहां से लाता था। आरोपी यह गांजा किस जगह से लाता था इस बारे में भी क्राइम ब्रांच जानकारी जुटा रही है।