कोरोना वाइरसराष्ट्रीयस्वास्थ्य

Covid-19 Update : 24 घंटे में कोरोना ने नए केस में उछाल, 4 की मौत; पॉजिटिविटी रेट बढ़ी

नई दिल्ली। दुनियाभर में कोरोना वायरस एक बार फिर तेजी से पैर पसार रहा है। भारत में कोरोना के नए मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटों में देश में कोरोना के 228 मामले दर्ज किए गए हैं। गुरुवार को इनकी संख्या 188 थी, यानी 40 मामले ज्यादा आए हैं। बीते 24 घंटे में कोरोना से 4 लोगों की मौत हुई है। केरल में दो, जबकि बिहार और उत्तराखंड में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।

रिकवरी रेट 98.80 प्रतिशत

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, अब एक्टिव केस की संख्या 2,503 रह गई है। इसके अलावा रिकवरी रेट 98.80% है। शुक्रवार सुबह 8 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 4.46 करोड़ (4,46,79,547) दर्ज की गई है। 6 जनवरी तक संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 5,30,714 हो गई है।

पॉजिटिविटी रेट बढ़ी

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, डेली पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 0.11 प्रतिशत पहुंच गई है, जबकि वीकली पॉजिटिविटी रेट 0.12 प्रतिशत दर्ज की गई है। कुल संक्रमितों की तुलना में सिर्फ 0.01 प्रतिशत मरीजों का इलाज चल रहा है। बीते 24 घंटे में 275 लोग ठीक हुए। अब तक कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,41,46,330 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है।

चौथी लहर की भारत में दस्तक!

देश में कोरोना की नई लहर की आशंका के बीच विदेश से आए यात्रियों में ओमिक्रॉन के एक, दो नहीं बल्कि 11 सब-वैरिएंट मिले हैं। 24 दिसंबर से 3 जनवरी तक एयरपोर्ट और समुद्र के रास्ते भारत आए यात्रियों की कोरोना टेस्टिंग की गई थी। इनमें पॉजिटिव मिले यात्रियों में 11 वैरिएंट मिले हैं। इसी बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने ओमिक्रॉन के XBB.1.5 वैरिएंट को लेकर चेतावनी जारी की है।

124 लोगों में मिले 11 वैरिएंट!

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 24 दिसंबर से 3 जनवरी तक विदेश से आए 19,227 यात्रियों की टेस्टिंग की गई। इनमें से 124 कोरोना संक्रमित पाए गए, जिन्हें आइसोलेट किया गया। संक्रमित लोगों की जीनोम सीक्वेंसिंग की गई, इनमें से 40 मरीजों में ओमिक्रॉन के 11 सब-वैरिएंट की पुष्टि हुई। इसमें तेजी से दुनिया भर में पैर पसार रहा XBB वैरिएंट्स भी शामिल है। हालांकि, इनमें से कोई भी वैरिएंट नया नहीं है। इन सभी वैरिएंट्स के मामले पहले भी भारत में सामने आ चुके हैं।

कोरोना की कई लहर लाएगा ये वैरिएंट!

विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी WHO ने XBB.1.5 वैरिएंट को लेकर चेतावनी जारी करते हुए बताया कि, यह वैरिएंट तेजी से फैल रहा है और पुराने वैरिएंट्स को रिप्लेस कर रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह वैरिएंट 29 देशों में मिल चुका है। इससे दुनिया में कोरोना की कई लहर आने का खतरा बढ़ गया है।

कोरोना का ‘सुपर वैरिएंट’ है XBB.1.5

BA.2.75 और BJ.1 से मिलकर XBB बना है। अब इससे म्यूटेट होकर XBB.1 और XBB.1.5 बने हैं। XBB.1.5 कोरोना का ‘सुपर वैरिएंट’ है। BQ.1 जितने लोगों को 26 दिन में संक्रमित कर रहा था XBB.1.5 उतने लोगों को 17 दिन के भीतर संक्रमित कर रहा है। इसके चलते लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की दर लगातार बढ़ रही है। एक स्टडी के मुताबिक, यह पहले के तमाम वैरिएंट्स के मुकाबले तेजी से इंसान के इम्यून सिस्टम को चकमा देने माहिर है।

6 देशों से आने वाले यात्रियों के लिए RT-PCR जरूरी

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ट्वीट कर लिखा- 1 जनवरी 2023 से चीन, हांगकांग, जापान, साउथ कोरिया, सिंगापुर और थाईलैंड से आने वाले यात्रियों के लिए RTPCR टेस्ट अनिवार्य कर दिया गया है। यात्रा से पहले उन्हें अपनी रिपोर्ट एयर सुविधा पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।

स्वास्थ्य से जुड़ी अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button