इंदौरग्वालियरजबलपुरभोपालमध्य प्रदेश

MP Panchayat Chunav Phase 1: पहले चरण की वोटिंग खत्म, मतदान पेटी में बंद हुई पंच, सरपंच, जनपद और जिला पंचायत सदस्यों की किस्मत

मध्य प्रदेश में तीन चरणों में होने वाले पंचायत चुनाव की वोटिंग खत्म हो गई है। सुबह 7 बजे से 115 जनपदों की कुल 8,702 ग्राम पंचायतों में वोटिंग हुई। वोटिंग दोपहर 3 बजे खत्म हुई, जिसके बाद अब काउंटिंग शुरू होगी। पंच, सरपंच, जनपद और जिला पंचायत सदस्य चुने जाएंगे। दोपहर 1 बजे तक प्रदेशभर में 49% वोटिंग हो हुई थी। सबसे ज्यादा नीमच में 64.10% वोटिंग हुई। वहीं 2 बजे तक करीब 45 प्रतिशत तक मतदान हुआ।

दबंगों ने मतपेटी तोड़कर उसमें पानी भर दिया

दतिया के बरोदी गांव में मतदान के दौरान 15 से 20 फायर हुए। दबंगों ने मतपेटी तोड़कर उसमें पानी भर दिया। यह गांव राजपुर पंचायत में आता है।

सतना में वॉश बेसिन गिरने से एक की मौत

सतना के मझगवां जनपद के मतदान केंद्र किटहा में वॉश बेसिन गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। राजा कुशवाहा वॉश बेसिन के पास बैठा हुआ था, तभी अचानक बेसिन से लगी दीवार उस पर गिर गई। हादसा मतदान केंद्र क्रमांक 185 में हुआ। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

भिंड के मिहोना क्षेत्र में मतदान केंद्र पर पथराव, SI घायल

भिंड के असनेट गांव के मतदान केंद्र पर पथराव हो गया। पथराव में SI अमित सिकरवार सिर में पत्थर लगने से घायल हो गए। मामला मिहोना थानाक्षेत्र का मामला है। पोलिंग बूथ 148, 149 पर पथराव हुआ। वहीं, लहार थाना इलाके के लपवाह गांव के मतदान केंद्र 29/30 के बाहर फायरिंग हुई है।

पहले चरण में 1,49,23,165 मतदाताओं ने डाला वोट

वोटिंग के बाद अब पंच, सरपंच, जनपद और जिला पंचायत सदस्य चुने जाएंगे, इस तरह से एक वोटर ने कुल चार वोट डाले हैं। पहले चरण में भोपाल, इंदौर समेत कई जिलों में चुनाव हो रहे हैं।

पहले चरण के दौरान पूरे प्रदेश में जिला पंचायत के 341, जनपद के 2533 सदस्य, सरपंच 8662 और 135914 पंच पदों के लिए मतदान हुआ। 27 हजार 49 मतदान केंद्रों पर 1 करोड़ 49 लाख 23 हजार 165 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

छिंदवाड़ा में बेलेट पेपर में चुनाव चिह्न बदला

छिंदवाड़ा के अमरवाड़ा जनपद के पौनार में बेलेट पेपर में चुनाव चिह्न बदल गया। पंच प्रत्याशी संतोष ठाकुर का चुनाव आयोग से चुनाव चिह्न हल आवंटित हुआ था। लेकिन बेलेट पेपर पर बाल्टी छप गया। एडीएम से इसकी शिकायत की गई।

1 जुलाई को दूसरा और 8 जुलाई को तीसरा चरण

पंचायत चुनाव तीन चरण में हो रहे हैं। दूसरे चरण के लिए मतदान 1 जुलाई और तीसरे चरण के लिए 8 जुलाई को होगा।

कुल 3,93,78,502 मतदाता लेंगे वोटिंग में हिस्सा

इन चुनावों में कुल 3,93,78,502 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 2,03,14,793 पुरुष, 1,90,62,749 महिलाएं और 960 अन्य हैं।

भोपाल की फंदा और बैरसिया जनपद में वोटिंग

भोपाल जिले में पंचायत चुनाव के लिए फंदा और बैरसिया में कुल 575 पोलिंग बूथ बनाए गए। जिसमें फंदा जनपद में 266 और बैरसिया में 309 पोलिंग बूथ बनाए गए। अधिकांश बूथ स्कूल, सामुदायिक भवन या आंगनबाड़ी केंद्रों में बने। फंदा जनपद में 96 और बैरसिया में 126 ग्राम पंचायतें हैं। दो पंचायतें निर्विरोध चुन ली गई हैं। ऐसे में कुल 222 की बजाय 220 पंचायतों में सरपंच-पंच के चुनाव होंगे। वहीं, जिला पंचायत के 10 और दोनों जनपदों के 49 सदस्यों के लिए मतदान हुआ। एक जनपद में सदस्य निर्विरोध चुना गया है।

इंदौर जिले में पहले चरण के चुनाव

पहले चरण में इंदौर जिले की 331 ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के लिए चुनाव हुआ। इनमें से 16 ग्राम पंचायतों में निर्विरोध रूप से सरपंच चुन लिए गए हैं, जबकि एक पंचायत में कोई नामांकन-पत्र नहीं आया है। इस तरह 314 पंचायतों में सरपंच चुनने के लिए मतदान किया गया। इसके अलावा 4555 पंच पदों में से 1438 पदों के लिए मतदान हुआ, जबकि शेष 3117 पदों पर एकल नामांकन-पत्र आने से वे निर्विरोध चुन लिए जाएंगे।

जिले की 4 जनपद पंचायतों के 100 सदस्य पदों में से सांवेर जनपद पंचायत में दो सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं। इसलिए 98 पदों के लिए मतदान हुआ है। जिला पंचायत सदस्य की 17 सीटों में से सभी पर मतदान हुआ। इनमें दो या इससे अधिक उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जिले के ग्रामीण क्षेत्र के 1217 मतदान केंद्रों पर मतदान की व्यवस्था की गई।

जबलपुर की 270 पंचायतों में वोटिंग

पहले चरण के तहत जबलपुर के 4 ब्लॉकों में मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। शुक्रवार को मॉडल हाई स्कूल में तमाम मतदानकर्मियों को मतदान सामग्री का वितरण किया गया। पहले चरण में जबलपुर की 4 ब्लॉकों की 270 ग्राम पंचायतों में मतदान हुआ। इसके लिए 780 मतदान केंद्र बनाए गए।

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button