ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

संकट में मंत्री भूपेंद्र सिंह : कांग्रेस ने CBI, ED जांच की मांग को लेकर किया बंगले के घेराव, नारेबाजी कर मांगा इस्तीफा; देखें VIDEO

भोपाल। भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे मध्य प्रदेश सरकार के नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह के खिलाफ लोकायुक्त की जांच शुरू होने के बाद कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेसियों ने शुक्रवार शाम को राजधानी के चार इमली स्थित मंत्री के सरकारी बंगले का घेराव कर प्रदर्शन किया।

युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता मंत्री के बंगले के बाहर धरने पर बैठ गए। मंत्री द्वारा अर्जित अनुपातहीन संपत्ति की जांच सीबीआई, ED से करवाने और जांच तक इस्तीफा देने की मांग की। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई है।

मंत्री भूपेंद्र सिंह से मांगा इस्तीफा

दरअसल, उज्जैन महालोक के बाद आय से अधिक संपत्ति को लेकर कांग्रेस द्वारा लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई, जिसकी जांच भी शुरू हो गई है। वहीं आज सैकड़ों की संख्या में मंत्री भूपेंद्र सिंह के सरकारी आवास का घेराव करने पहुंचे कांग्रेसजनों ने मांग की कि मंत्री भूपेंद्र सिंह सीएम शिवराज सिंह चौहान के बेहद करीबी हैं। इस कारण प्रदेश की किसी भी एजेंसी द्वारा की गई जांच में उन्हें क्लीनचिट मिल सकती है।

मंत्री जांच को अपने पद का दुरुपयोग कर प्रभावित भी कर सकते हैं। इसलिए मंत्री के अनुपातहीन संपत्ति की जांच सीबीआई और ED से करवाई जाए, जिससे दूध का दूध और पानी का पानी हो सकें। कांग्रेसजनों ने जांच अवधि के दौरान मंत्री भूपेंद्र सिंह के इस्तीफे की भी मांग की है।

बेहिसाब संपत्ति अर्जित करने का आरोप

कांग्रेस नेता प्रकाश चौकसे ने कहा कि मंत्री भूपेंद्र सिंह एवं उनके परिवार द्वारा वर्ष 2008 से आज दिनांक तक बेहिसाब संपत्ति एकत्रित कर रहे हैं। मंत्री भूपेंद्र सिंह उनके परिवार व निकट रिश्तेदारों द्वारा करोड़ों, अरबों रुपए की आय से अधिक संपत्ति एकत्रित की गई है, जो मंत्री भूपेन्द्र सिंह द्वारा विधानसभा चुनाव 2008, लोकसभा चुनाव 2009, विधानसभा चुनाव 2013 एवं विधानसभा चुनाव 2018 के दौरान चुनाव आयोग के समक्ष प्रस्तुत शपथ पत्रों से स्पष्ट रूप से प्रदर्शित होता है।

संपत्ति में 33 गुना वृद्धि हुई

कांग्रेस नेता विवेक त्रिपाठी ने वर्ष 2013 एवं 2020 में प्रकाशित एडीआर. रिपोर्ट को आधार बनाते हुए आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा मध्य प्रदेश में पिछले 19 वर्षों के शासन में अपने मंत्रियों के माध्यम से प्रदेश की जनता के साथ छल कर भारी भ्रष्टाचार किया गया है। युवा कांग्रेस नेता अभिषेक परमार ने आरोप लगाते हुए कहा कि मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने चुनाव आयोग को 2008 में दिए शपथ पत्र में पत्नी की संपत्ति 1 करोड़ और 2018 में दिए शपथ पत्र में 33.27 करोड़ दर्शायी है, जो 10 सालों में लगभग 33 गुना की वृद्धि को दर्शाता है। आखिरकार संपत्ति में इतनी वृद्धि कैसे हो रही है? यह मनी लॉन्ड्रिंग का मामला है इसकी ED से जांच करवाई जाना चाहिए।

मध्य प्रदेश की खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button