
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में मीरगंज क्षेत्र में मंगलवार को एक मकान का छज्जा गिर जाने से 10 लोग घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल और निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि आज सुबह करीब सात बजे कुल्छा गांव निवासी मंगली के मकान के छज्जे पर कई लोग खड़े थे कि अचानक छज्जा भरभरा कर गिर गया। इस हादसे में कार्तिक (3),रितिक (5),अंजलि (7),अनिता (18), अनिता पत्नी मंगली, ज्योति पुत्री मंगली, ऊषा पत्नी राजेन्द्र, प्रिया पुत्री राजेन्द्र मलबे में दब गए। मलबा में दबे 10 लोग बमुश्किल निकाला गया। छज्जा गिरते ही अफरा तफरी मच गई। घायल कार्तिक, रितिक, अंजलि और अनिता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अन्य घायल निजी अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं।
आज की अन्य खबरें…
स्विट्जरलैंड के स्की रिसॉर्ट में हिमस्खलन से 3 की मौत
जिनेवा। स्विट्जरलैंड के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट जर्मेट में हिमस्खलन के कारण तीन लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। सोशल मीडिया पर पोस्ट एक फुटेज में ज़र्मट के रिफेलबर्ग सेक्टर में स्थित एक लक्जरी अल्पाइन रिट्रीट के ऑफ-पिस्ट क्षेत्र में हिमस्खलन का प्रकोप दिखाई दे रहा है। हिमस्खलन के मद्देनजर एक बड़ा बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया था, लेकिन पुलिस के अनुसार अभियान को रद्द कर दिया गया था। पुलिस ने पीड़ितों की नागरिकता के बारे में कोई जानकारी दिए बिना मृतकों की संख्या की पुष्टि की है।
स्विस इंस्टीट्यूट फॉर स्नो एंड एवलांच रिसर्च (एसएलएफ) ने एक बड़े हिमस्खलन की आशंका जताई है। एसएलएफ के अनुसार, सोमवार की घटना से पहले स्विट्जरलैंड में इस सीजन के दौरान 12 हिमस्खलन की दुर्घटनाओं में 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से अधिकांश मृतक क्रॉस-कंट्री स्कीयर के थे।
‘AAP’ के संस्थापक सदस्य दिनेश वाघेला का गोवा में निधन, 73 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
पणजी। आम आदमी पार्टी (आप) के संस्थापक सदस्य दिनेश वाघेला का गोवा में निधन हो गया। वह कुछ वक्त से बीमार थे। पार्टी के एक नेता ने मंगलवार को यह जानकारी दी। ‘आप’ की गोवा इकाई के उपाध्यक्ष वाल्मीकि नाइक ने कहा कि 73 वर्षीय वाघेला का सोमवार रात पणजी में उन के आवास पर निधन हो गया। पार्टी की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, वाघेला आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य थे और ‘इंडिया अगेंस्ट करप्शन’ आंदोलन के बाद पार्टी में शामिल होने वाले शुरुआती सदस्यों में थे। वह मूल रूप से गुजरात से थे, लेकिन गोवा में रहते थे। वेबसाइट के अनुसार, वह ‘आप’ की अनुशासन समिति के प्रमुख थे। नाइक ने कहा कि वाघेला का अंतिम संस्कार पणजी के पास सेंट इनेज़ श्मशान में किया जाएगा।