
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नयागांव में शुक्रवार दोपहर सिलेंडर में धमाका होने से एक मकान पूरी तरह से ध्वस्त हो गया। हादसे के बाद मकान से धुएं का गुबार उठता दिखा। मकान में रह रहे चार लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि घटना की खबर मिलते ही कलेक्टर चंद्रप्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। अधिकारियों के अनुसार, धमाके में मकान जमींदोज हो गया। उन्होंने बताया कि मकान के मलबे में से अभी तक चार शव निकाले जा चुके हैं। मकान के अंदर से कुछ सिलेंडर बरामद हुए हैं। दमकल, चिकित्सा विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं। फॉरेंसिक फील्ड यूनिट को भी घटनास्थल पर बुला लिया गया है। फिलहाल, इस मामले में हर पहलुओं से जांच की जा रही है।
आज की अन्य खबरें…….
दिल्ली में मच्छर भगाने वाली कॉइल से घर में लगी आग, 6 लोगों की मौत
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में शुक्रवार सुबह 9 बजे एक घर में आग लगने से एक बच्चे समेत 6 लोगों की मौत हो गई। जबकि, दो अन्य झुलस गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घर में झुलसे और बेहोशी की हालत में पड़े 9 लोगों को अस्पताल भिजवाया। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इनमें से छह लोगों को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया और दो व्यक्तियों का उपचार जारी है। जबकि एक अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि रात के समय जलती हुई मच्छर भगाने वाली कॉइल गद्दे पर गिर गई थी, जिससे फर्श के चारों ओर जहरीला धुआं पैदा हो गया और इसके कारण घर के लोग बेहोश हो गए और बाद में दम घुटने से उनकी मौत हो गई। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है।
एमपी के शिवपुरी जिले में बस अनियंत्रित होकर पलटी, 35 यात्री घायल
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में शुक्रवार को सड़क हादसा हो गया। हाईवे पर यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 35 यात्री घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस। कोलारस थाना क्षेत्र के ग्राम लुकवासा के पास यह हादसा हुआ है। सभी घायलों को इलाज के लिए कोलारस के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हरियाणा में कार पलटने से 6 लोगों की मौत, एक अन्य घायल
हिसार जिले के आदमपुर-अग्रोहा मार्ग पर शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ और बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि घटना दोपहर करीब दो बजे हुई, जब कार सवार लोग आदमपुर में शादी समारोह में शिरकत करने के बाद लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान हिसार के खारा बरवाला गांव के सागर (23) तथा शोभित (22) और किशनगढ़ गांव के अरविंद (24), अभिनव (22), अशोक (25) और दीपक (23) के तौर पर हुई है। हादसे में घायल भुनेश (25) राजस्थान के सूरतगढ़ का निवासी है।
सूडान में सोने की खदान धंसने से 10 मजदूरों की मौत
उत्तरी सूडान में सोने की एक खदान के धंसने से कम से कम 10 मजदूरों की मौत हो गई है। सूडान की मीडिया के अनुसार, मिस्र की सीमा के पास जेबेल अल-अहमर सोने की खदान ढह गई, जिससे वहां काम कर रहे मजदूरों की मौत हो गई। जबकि, अभी भी कई मजदूर लापता हैं। जान गंवाने वालों में अधिकतर युवा हैं। कई शव बरामद कर लिए गए हैं। मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी है। इससे पहले पश्चिमी कोर्दोफान में 2021 में सोने की एक खदान के धंसने से 31 लोगों की मौत हो गई थी। बता दें कि सूडान सोने का एक प्रमुख उत्पादक है। देशभर में कई स्थानों पर सोने की खानें हैं।
राहुल गांधी की अयोग्यता के खिलाफ प्रदर्शन, पुलिस के साथ झड़प में मणिपुर कांग्रेस के 4 कार्यकर्ता घायल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी को संसद की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के खिलाफ इंफाल में मोमबत्ती जलाकर मार्च निकाले जाने के दौरान पुलिस के साथ हुई झड़प में पार्टी के चार कार्यकर्ता घायल हो गए। कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के मेघचंद्र ने बताया कि महिलाओं समेत पार्टी कार्यकर्ता गुरुवार रात को मार्च के लिए कांगला गेट के पास इकट्ठे हुए थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। मेघचंद्र ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों पर ‘आंसू गैस के गोले ही नहीं, बल्कि स्मोक बम (धुआं पैदा करने वाले बम) भी फेंके गए।‘ उन्होंने सवाल किया- मोमबत्ती जलाकर मार्च निकालना नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधि कैसे हुई ?
अधिकारियों ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मार्च के लिए एकत्र होने के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। उन्होंने कहा कि एक महिला कांग्रेस कार्यकर्ता के एक महिला पुलिस अधिकारी को धक्का देने के बाद झड़प शुरू हो गई। घायल कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। राहुल गांधी को सूरत की एक अदालत ने 2019 के मानहानि के एक मामले में दो साल की जेल की सजा सुनाई है। इसके बाद लोकसभा सचिवालय ने पिछले सप्ताह एक अधिसूचना जारी कर उन्हें संसद की सदस्यता से अयोग्य घोषित कर दिया था।