
भोपाल। ग्लोबल रिसर्च वेलफेयर सोसायटी (GReWS) एवं ओजस समिति के तत्वाधान में कारगिल युद्ध में सेवा देने वाले 52 सैनिक एवं उनके आश्रितों का सम्मान राजधानी के एंटिटी सभागार में किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम, ह्यूमन राइट कमीशन की चेयरमैन, डॉ. चंद्र बहादुर सिंह दांगी, मधुसूदन देश पांडेय, कार्तिक पटसारिया सहित वरिष्ठ समाजसेवी एवं पत्रकार गण मौजूद रहे। कारगिल के योद्धाओं के साथ पीपुल्स अपडेट डॉट कॉम के तरुण यादव भी हुए सम्मानित।
कारगिल सैनिक और उनके आश्रितों का सम्मान
संस्था के नितिन शरण ने बताया कि संस्था ने यह आयोजन कारगिल युद्ध में अपनी सेवा देने वाले वीर शहीद जवान एवं उनके परिवार जनों के लिए किया। साथ ही बताया कि देश हित के लिए सेवा देने वाले वीर जवान हमारे देश का गौरव है। उनका सम्मान करना हर भारतीय का कर्त्तव्य है। वीर जवान हमारे देश की आन बान शान हैं। वही भारत माता के सच्चे सपूत एवं देश का गौरव हैं। उनका सम्मान निरंतर होते रहना चाहिए।
विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने बताया कि संस्था का यह आयोजन अभूतपूर्व है। क्योंकि कारगिल युद्ध में अपनी जान की परवाह किए बिना भारत मां के सच्चे सपूतों ने देश की रक्षा के लिए चोटी पर तिरंगा फहराया। वीर जवान ही निस्वार्थ भाव से राष्ट्र के लिए तन मन धन न्योछावर कर देते हैं। उनका सम्मान देश के सम्मान का सामान है। साथ ही इस दौरान वरिष्ठ समाजसेवी, पत्रकार एवं गणमान्य नागरिकों का सम्मान किया गया।