
मुंबई (अमिताभ बुधौलिया)। फेमस कॉमेडियन भारती सिंह की हेल्थ से जुड़ी खबरों को कुछ मीडिया में जिस तरह से बढ़ा-चढ़ाकर बताया गया, उससे फैमिली हैरान है। भारती सिंह के ससुर और हर्ष के पिता दिनेश लिंबाचिया ने peoplesupdate.com को बताया कि भारती फिलहाल अपने काम पर है। कुछ दिनों बाद उसकी पथरी का ऑपरेशन होगा।
कृष्णा अभिषेक की बहन आरती की शादी से लौटने पर बिगड़ी थी तबीयत
क्राइम बेस्ड नॉवेल-‘बॉम्बे टू मुंबई’और ‘द लैंड शॉक्स ऑफ मुंबई’ के अलावा ‘एक दिन की सुहागन(कहानियां)’ जैसी किताबें लिख चुके दिनेश लिंबाचिया बताते हैं-“25 अप्रैल को कृष्णा अभिषेक (Krushna Abhishek) की बहन आरती सिंह की दीपक चौहान के साथ मुंबई के इस्कॉन मंदिर में शादी थी। वहां से देर रात लौटने के बाद भारती को पेट में तेज दर्द उठा। हमने तत्काल अपने फैमिली डॉक्टर को बुलाया। उन्होंने चेकअप किया, तब यही लगा कि शायद खाने-पीने में कोई दिक्कत हुई होगी। हालांकि रात करीब 1.30 के आसपास जब दर्द कम नहीं हुआ, तब भारती को कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। वहां, टेस्ट के बाद मालूम चला कि भारती को पित्ताशय (gall bladder) में पथरी है।”
दिनेश लिंबाचिया ने टेलिफोनिक बातचीत में बताया कि दो दिन भारती को वाकई बहुत तेज दर्द रहा। हालांकि अभी ठीक है। दिनेश लिंबाचिया बताते हैं कि उन्हें भी एक बार पथरी की समस्या हुई थी, इसलिए मालूम है कि पथरी का दर्द असहनीय होता है।
हर्ष लिंबाचिया और भारती सिंह अपने-अपने प्रोजेक्ट में बिजी
दिनेश लिंबाचिया ने बताया कि फिलहाल, हर्ष और भारती अपने-अपने प्रोजेक्ट में बिजी हैं। हर्ष सोनी चैनल पर प्रसारित बच्चों के रियलिटी शो’सुपरस्टार सिंगर-3′ को होस्ट कर रहे हैं, जबकि भारती सिंह कलर्स टीवी के डांस रियलिटी शो-‘डांस दीवाने सीजन 4’ की होस्ट हैं। हॉस्पिटल से आने के बाद भारती सिंह शूट पर पहुंचीं। हॉस्पिटल से लौटकर भारती सिंह शॉपिंग करने भी गईं।
भारती के बेटे गोलू को लेकर आपको ये बातें भी जानिए?
दिनेश लिंबाचिया बताते हैं-‘एक ही सोसायटी में हमारे दो फ्लैट हैं। एक में हर्ष भारती और दूसरे में मैं अपनी पत्नी के साथ रहता हूं। गोलू को संभालने के लिए नौकर-चाकर हैं, मगर ज्यादातर देखभाल उसकी दादी यानी मेरी पत्नी रीटा करती हैं। हमारी दिनचर्या यही है कि सुबह जब गोलू उठता है, तो सबसे पहले वो हमारे पास आता है। या हम उसे घुमाने-खिलाने ले जाते हैं। वो हमारे साथ ज्यादा वक्त गुजारता है।’
बता दें कि अप्रैल, 2022 में मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भारती ने गोलू को जन्म दिया था। उसके समीप ही सोफिया पॉलिटेक्निक कॉलेज। इसी कॉलेज के ऑडिटोरियम में 42 साल पहले हर्ष के पिता दिनेश लिंबाचिया ने अपना पहला नाटक किया था। तब उनकी उम्र यही कोई 20 साल रही होगी। दिनेश कहते हैं-‘भारती फिलहाल अपने काम पर लौट आई है। जल्द उसकी पथरी का ऑपरेशन होगा।’
ये भी पढ़ें- अनुदान के लिए फिल्में बनेंगी, तो दर्शक भागेंगे ही: एक्टर निर्मल चिराणियां ने राजस्थानी सिनेमा पर कह दी ये बड़ी बात