
मध्य प्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाने का मामला सामने आया है। भाजपा ने वीडियो जारी कर कांग्रेस पर हमला बोला है। साथ ही दावा किया कि यात्रा में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगे हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच जंग छिड़ गई है।
वीडियो में क्या है ?
भाजपा की ओर से जारी वीडियो में राहुल गांधी कार्यकर्ताओं के साथ चलते हुए दिखाई रहे हैं, तभी पीछे से पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे, लेकिन राहुल गांधी आगे बढ़ गए। किसी ने नारे लगाने वाले को नहीं रोका। वीडियो सामने आने के बाद बवाल मच गया है। बीजेपी ने इस मामले को लेकर कांग्रेस को घेरना शुरू कर दिया है।
खरगोन में लगे विवादित नारे
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मध्य प्रदेश में शुक्रवार को तीसरा दिन है। खरगोन में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक बड़ा विवाद सामने आया है। जिसमें प्रियंका गांधी, उनके पति रॉबर्ट वाड्रा, पूर्व सीएम कमलनाथ, दिग्विजय सिंह समेत कई सीनियर लीडर शामिल हैं।
भारत जोड़ो यात्रा में खुलेआम नारा लगा "पाकिस्तान जिंदाबाद"
इसे कांग्रेस के ऑफिशियल हैंडल से ट्वीट किया गया , बाद में हटाया गया, लेकिन सच्चाई तो सामने आ गई कि कांग्रेस के दिल में क्या है pic.twitter.com/c6gm1S7cUj— लोकेन्द्र पाराशर Lokendra parashar (@LokendraParasar) November 25, 2022
लोकेंद्र पराशर ने ट्वीट किया वीडियो
मध्य प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पराशर ने भी वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा- भारत जोड़ो यात्रा में खुलेआम ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ नारा लगा। इसे कांग्रेस के ऑफिशियल हैंडल से ट्वीट किया गया, बाद में हटाया गया, लेकिन सच्चाई तो सामने आ गई कि कांग्रेस के दिल में क्या है?
सीएम बोले- पहले भी भारत तोड़ा है…
भारत जोड़ो यात्रा को लेकर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी ट्वीट कर लिखा- ‘भारत जोड़ो यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगना, यह भारत जोड़ना है या भारत को तोड़ने वालों को साथ जोड़ना है। पहले भी भारत तोड़ा है, क्या फिर भारत तोड़ने का इरादा है? पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वाले किसी भी कीमत पर बचेंगे नहीं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’

जयराम रमेश ने बताई डर्टी ट्रिक्स
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के मीडिया प्रभारी जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘भाजपा के डर्टी ट्रिक्स द्वारा संपादित एक वीडियो बेहद सफल Bharat Jodo Yatra को बदनाम करने के लिए प्रसारित किया जा रहा है। हम तत्काल इस पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं।
बीजेपी के आरोप को कांग्रेस ने नकारा
इधर, कांग्रेस ने इसे बीजेपी की ही साजिश बताया है। कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को मिल रहे समर्थन से बीजेपी बौखला गई है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा- भारत तोड़ो की जनक कुत्सित भाजपाई विचारधारा राहुल गांधी जी की भारत जोड़ो यात्रा से घबराई है। कूटरचित वीडियो का इस्तेमाल कर इसे बदनाम करने का कुप्रयास किया है। भाजपा मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे हीन हथकंडे हमारे अडिग उद्देश्यों को हिला नहीं पाएंगे।