ताजा खबरराष्ट्रीय

सफाई अभियान से लेकर ई-रिक्शा संचालन तक… महाकुंभ में बनेंगे 4 महारिकॉर्ड, 16 फरवरी को राहुल-प्रियंका लगाएंगे संगम में डुबकी

प्रयागराज। महाकुंभ का आज 34वां दिन है। वीकेंड होने के कारण घाटों पर भारी भीड़ उमड़ी है। शहर में जाम लग गया है और संगम घाट पर स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बहुत बढ़ गई है। रविवार को भी भारी भीड़ रहने की संभावना। 33 दिनों में अब तक 50 करोड़ से ज्यादा लोग संगम में डुबकी लगा चुके हैं। इतिहास में यह सबसे बड़ा आयोजन रिकॉर्ड किया गया है।

प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं के तहत 15 और 16 फरवरी को मेला क्षेत्र में नो व्हीकल जोन घोषित किया है। श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग और होर्डिंग एरिया में वाहन रोके जाएंगे। इसके अलावा, घाटों पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें 15,000 कर्मचारी शामिल हैं और नया विश्व रिकॉर्ड बनने की उम्मीद है। 45 दिन तक चलने वाले महाकुंभ के अभी 12 दिन और बचे हैं।

16 फरवरी को राहुल-प्रियंका लगाएंगे डुबकी

प्रयागराज में 13 जनवरी को महाकुंभ का आगाज हुआ था, 15 फरवरी को महाकुंभ का 34वां दिन है। 13 जनवरी से अब तक 50 करोड़ श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। अब महाकुंभ के 12 दिन और बचे हैं। 16 फरवरी को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी महाकुंभ पहुंचेंगे। संगम में डुबकी लगाएंगे।

महाकुंभ का पहला पर्यावरण नागा संत समागम

15 फरवरी को महाकुंभ में स्वास्तिक द्वार के पास सेक्टर 20 में पंचतत्व संस्था द्वारा पर्यावरण नागा संत समागम आयोजित किया जाएगा। इस समागम के दौरान वाटर वुमन शिप्रा पाठक पर्यावरण जागरूकता के लिए कुंभ में आए श्रद्धालुओं से जल संरक्षण की शपथ दिलाएंगी। शिप्रा पाठक ने कहा कि, महाकुंभ में आने वाले संतों का मार्गदर्शन भारत को हरा-भरा बनाने में मदद करेगा। समागम के बाद सभी लोग गंगा के किनारे एकत्र होकर नदी संरक्षण का महत्व सबको बताएंगे। इसके बाद पूजा और मंत्रों के साथ भारत को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया जाएगा। शाम को सभी लोग पैदल मार्च निकालकर पर्यावरण जागरूकता यात्रा करेंगे।

चार दिन में चार रिकॉर्ड

पहला रिकॉर्ड, नदी की सफाई : 14 फरवरी को स्वच्छता की दिशा में एक अनूठा वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया। इसके तहत, 300 से अधिक स्वच्छताकर्मियों ने एकसाथ अलग-अलग घाटों पर गंगा की सफाई की। इस रिकॉर्ड को बनाने के लिए मेला प्राधिकरण की ओर से तय प्रक्रिया को अपनाया गया। अब गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधि इस पूरी प्रक्रिया को वेरिफाई करेंगे और इस रिकॉर्ड को प्रमाणित करने के बाद इसका सर्टिफिकेट प्रदान करेंगे।

दूसरा रिकॉर्ड, सफाई अभियान : 15 फरवरी को करीब 15 हजार सफाई कर्मचारी एक साथ घाटों की सफाई करेंगे, जिससे एक बड़ा सफाई रिकॉर्ड बनेगा। इससे पहले, 2019 के कुंभ में 10 हजार सफाई कर्मियों ने सफाई की थी। इस बार यह संख्या बढ़कर 15 हजार हो गई है, जो एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड होगा।

तीसरा रिकॉर्ड, ई-रिक्शा संचालन : 16 फरवरी को त्रिवेणी मार्ग पर 1000 ई-रिक्शा की सबसे लंबी परेड आयोजित की जाएगी। यह रिकॉर्ड पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगा। इस प्रयास के जरिए महाकुंभ को प्रदूषण मुक्त बनाने का उद्देश्य भी पूरा किया जाएगा।

चौथा रिकॉर्ड, 10 हजार लोगों के हैंड प्रिंट : 17 फरवरी को गंगा पंडाल में 10 हजार लोग मिलकर 8 घंटे में हैंड पेंटिंग बनाएंगे, जो एक और बड़ा विश्व रिकॉर्ड होगा। 2019 के कुंभ में यह आंकड़ा 5 हजार था। यह रिकॉर्ड स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने का एक अनोखा तरीका होगा।

16 से अंतर्राष्ट्रीय बर्ड फेस्टिवल

महाकुंभ में 16 से 18 फरवरी तक अंतर्राष्ट्रीय बर्ड फेस्टिवल आयोजित होगा, जिसमें लगभग 200 तरह के पक्षियों को देखा जा सकेगा। इसमें लुप्तप्राय भारतीय स्कीमर, फ्लेमिंगो और साइबेरियन क्रेन जैसे पक्षियों का भी दीदार होगा। इस फेस्टिवल में साइबेरिया, मंगोलिया, अफगानिस्तान और 10 से अधिक देशों से आए साइबेरियन पक्षी देखे जा सकेंगे। इस दौरान फोटोग्राफी, पेंटिंग, स्लोगन लेखन, वाद-विवाद और प्रश्नोत्तरी जैसी कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जिनके विजेताओं को पुरस्कार भी दिए जाएंगे। यह फेस्टिवल भारतीय संस्कृति, प्रकृति प्रेम और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का अनोखा संगम होगा।

भारत-चीन को छोड़कर बाकी देशों से अधिक संख्या

प्रदेश सरकार के अनुसार शुक्रवार को शाम 6 बजे तक 92 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई, जिससे महाकुंभ में आ चुके कुल श्रद्धालुओं की संख्या 50 करोड़ को पार कर गई। अमेरिका, रूस, इंडोनेशिया, ब्राजील, पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे देशों की आबादी 50 करोड़ से कम है।” सरकार ने कहा, ”केवल भारत और चीन की आबादी ही महाकुंभ में आ चुके श्रद्धालुओं की संख्या के मामले में ज्यादा है। इसके विपरीत अमेरिका, इंडोनेशिया, पाकिस्तान और ब्राजील जैसे देश काफी पीछे हैं।”

दुनिया के टॉप 10 सबसे अधिक आबादी देश

दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देशों की सूची (अमेरिकी जनगणना ब्यूरो के अनुसार)

  1. IN भारत – 141.93 करोड़
  2. CN चीन – 140.71 करोड़
  3. US अमेरिका – 34.20 करोड़
  4. ID इंडोनेशिया – 28.35 करोड़
  5. PK पाकिस्तान – 25.70 करोड़
  6. NG नाइजीरिया – 24.27 करोड़
  7. BR ब्राजील – 22.13 करोड़
  8. BD बांग्लादेश – 17.01 करोड़
  9. RU रूस – 14.01 करोड़
  10. MX मेक्सिको – 13.17 करोड़

29 जनवरी को बना था रिकॉर्ड

मौनी अमावस्या (29 जनवरी) को एक ही दिन में 8 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया।
इसी दिन संगम में मची भगदड़ में 30 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई थी और 60 अन्य घायल हुए थे।

26 फरवरी तक चलेगा महाकुंभ

गंगा, यमुना और पौराणिक सरस्वती के संगम तट पर यह महाकुंभ 26 फरवरी तक जारी रहेगा। दुनियाभर से श्रद्धालु इस पावन आयोजन में हिस्सा ले रहे हैं और सरकार ने व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए बड़े पैमाने पर इंतजाम किए हैं।

संबंधित खबरें...

Back to top button