राष्ट्रीय

President Election : द्रौपदी मुर्मू ने जीता राष्ट्रपति चुनाव, PM मोदी ने घर पहुंचकर दी जीत की बधाई

एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव जीत लिया है। वे देश की पहली आदिवासी और दूसरी महिला राष्ट्रपति होंगी। गुरुवार को सुबह 11 बजे से शुरू हुई काउंटिंग में मुर्मू ने विपक्षी प्रत्याशी यशवंत सिन्हा को तीसरे राउंड में ही हरा दिया। मुर्मू को जरूरी इलेक्टोरल वोट का 50 फीसदी मत तीसरे राउंड में ही मिल गया।

मुर्मू को 50 फीसदी से ज्यादा वोट मिले

द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति बनने के लिए जरूरी 50 फीसदी वोट पा लिए हैं। तीसरे राउंड के वोटों की गिनती की बात करें तो इसमें कुल वोट 1,333 थे। जिनकी वैल्यू 1,65,664 थी। इसमें से मुर्मू को 812 वोट मिले। वहीं यशवंत सिन्हा को 521 वोट मिले। कुल तीनों राउंड की बात करें तो कुल वोट 3219 थे। इनकी वैल्यू 8,38,839 थी। इसमें से द्रौपदी मुर्मू को 2161 वोट (वैल्यू 5,77,777) मिले। वहीं यशवंत सिन्हा को 1058 वोट (वैल्यू 2,61,062) मिले।

द्रौपदी मुर्मू से मिलने पहुंचे पीएम मोदी

पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा दिल्ली में द्रौपदी मुर्मू के घर पहुंचे। दोनों ने मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव जीतने पर बधाई दी।

यशवंत सिन्हा ने द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी

यशवंत सिन्हा ने द्रौपदी मुर्मू को जीतने पर बधाई दे दी है। उन्होंने लिखा कि मैं जीत के लिए द्रौपदी मुर्मू को बधाई देता हूं। भारत को उम्मीद है कि वह बिना किसी भय या पक्षपात के संविधान के संरक्षक के रूप में काम करेंगी।

सीएम शिवराज ने दी बधाई

मध्य प्रदेश शिवराज सिंह चौहान ने द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी है। उन्होंने कहा देश की स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के पावन अवसर पर सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में NDA ने जनजातीय समुदाय से आने वाली बहन द्रौपदी मुर्मू जी को राष्ट्रपति पद के लिए प्रत्याशी बनाया और आज वह देश के सबसे बड़े संवैधानिक पद पर निर्वाचित हुई हैं। यह हमारे देश के लोकतंत्र की खूबी है कि “अलग भाषा अलग वेष, फिर भी अपना एक देश” भारत अनेकों रंग में रंगा है, जनजातीय समुदाय हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग हैं। इसी समुदाय से आने वाली बहुमुखी प्रतिभा की धनी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू अब राष्ट्रपति हैं, मैं उन्हें हृदय से बधाई देता हूं।

17 सांसदों ने की क्रॉस वोटिंग

सूत्रों के मुताबिक, 17 सांसदों ने राष्ट्रपति चुनाव के दौरान एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की। तीसरे राउंड की गिनती में मुर्मू को निर्णायक बढ़त मिल चुकी है और उनकी जीत तय मानी जा रही है।

देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी मुर्मू

एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति होंगी। इधर, काउंटिंग के बीच द्रौपदी मुर्मू के गांव में जश्न शुरू हो गया। लोग ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के जरिए मुर्मू की जीत जश्न मना रहे हैं। ओडिशा के रायरंगपुर में मुर्मू के गांव और ससुराल में पहले से ही लड्‌डू बनकर तैयार हो गए थे।

25 को शपथ ग्रहण, राष्ट्रपति भवन में होगा डिनर

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई की मध्य रात्रि को खत्म हो रहा है। 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण होगा। 24 जुलाई को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद चुने हुए नए राष्ट्रपति और केंद्रीय मंत्रिमंडल के लिए डिनर का आयोजन करेंगे। राष्ट्रपति भवन में शाम 7 बजे यह डिनर होगा।

ये भी पढ़ें: ममता बनर्जी की पार्टी का बड़ा फैसला, उपराष्ट्रपति चुनाव में वोटिंग प्रक्रिया से दूर रहेगी TMC

ये भी पढ़ें: Presidential Election Result : कौन होगा देश का अगला राष्ट्रपति? द्रौपदी मुर्मू या यशवंत सिन्हा, फैसले की घड़ी आज

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button