Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Padma Awards 2025 : 5 खिलाड़ियों को मिलेगा पद्म पुरस्कार, रविचंद्रन अश्विन भी लिस्ट में शामिल, श्रीजेश को किया जाएगा पद्म भूषण से सम्मानित

Padma Awards 2025 : 5 खिलाड़ियों को मिलेगा पद्म पुरस्कार, रविचंद्रन अश्विन भी लिस्ट में शामिल, श्रीजेश को किया जाएगा पद्म भूषण से सम्मानित
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्र सरकार ने 2025 के लिए 139 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की। पूर्व हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है। पद्म श्री पुरस्कार इस बार 113 व्यक्तियों को दिया जा रहा है, जिसमें 4 खिलाड़ी भी शामिल हैं। हाल ही में रिटायर हुए क्रिकेटर आर अश्विन को पद्मश्री से नवाजा गया है। उनके साथ पैरालंपियन तीरंदाज हरविंदर सिंह, भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान इनिवल अप्पिल मणि विजयन, और पैरा एथलेटिक्स कोच सत्यपाल सिंह का नाम भी इस सूची में शामिल है।

प्लेयर 1 : पेरिस ओलिंपिक 2024 के बाद लिया हॉकी से संन्यास 

पूर्व हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश को इस वर्ष पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है। पेरिस ओलिंपिक 2024 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीता था, जिसके बाद श्रीजेश ने हॉकी से संन्यास ले लिया। उन्होंने अपने करियर में 336 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। बता दे कि पेरिस ओलिंपिक उनका चौथा ओलिंपिक था। इससे पहले, 2021 के टोक्यो ओलिंपिक में उनकी शानदार गोलकीपिंग ने भारत को ब्रॉन्ज मेडल जिताया था।  श्रीजेश ने 2012 के ओलिंपिक में डेब्यू किया था और कई कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, और वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है। उनके योगदान ने भारतीय हॉकी को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई।

प्लेयर 2 : भारत के लिए दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं अश्विन 

भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने 18 दिसंबर 2024 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। अश्विन ने अपने करियर में तीनों फॉर्मेट में कुल 287 मैच खेले और 765 विकेट हासिल किए। अश्विन भारत के लिए दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उनसे आगे सिर्फ दिग्गज लेग स्पिनर अनिल कुंबले हैं, जिन्होंने अपने करियर में 953 विकेट लिए। अश्विन के प्रदर्शन ने भारतीय क्रिकेट में स्पिन गेंदबाजी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

प्लेयर 3 : तीरंदाजी में भारत का पहला पैरालंपिक गोल्ड मेडल हरविंदर के नाम 

पैरालंपियन तीरंदाज हरविंदर सिंह को पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। हरविंदर ने पेरिस पैरालंपिक में पुरुष रिकर्व के फाइनल मुकाबले में गोल्ड मेडल जीता था। यह उपलब्धि भारतीय तीरंदाजी के इतिहास में बेहद खास है, क्योंकि यह तीरंदाजी में भारत का पहला पैरालंपिक गोल्ड मेडल  है। यह हरविंदर का दूसरा पैरालंपिक पदक भी है। 

प्लेयर 4 : विजयन ने बतौर स्ट्राइकर किया शानदार प्रदर्शन

भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान इनिवल अप्पिल मणि विजयन को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। विजयन ने भारतीय टीम के लिए बतौर स्ट्राइकर शानदार प्रदर्शन किया और देश का नाम रोशन किया। विजयन को 1993, 1997 और 1999 में साल के बेस्ट भारतीय खिलाड़ी के खिताब से नवाजा गया था। इसके अलावा, उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों के लिए उन्हें 2003 में अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया। विजयन भारतीय फुटबॉल के गौरवशाली इतिहास का एक अहम हिस्सा हैं।

प्लेयर 5 : प्रवीण कुमार के कोच हैं सत्यपाल सिंह

पैरा एथलेटिक्स कोच सत्यपाल सिंह को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। सत्यपाल पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता प्रवीण कुमार, जो इस वर्ष खेल रत्न पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं, के कोच हैं। उनकी कोचिंग ने कई एथलीटों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता दिलाने में अहम भूमिका निभाई है।

3 श्रेणियों में दिया जाता है पद्म पुरस्कार

देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म पुरस्कार तीन श्रेणियों- पद्म श्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण में प्रदान किए जाते हैं। ये पुरस्कार कला, समाज सेवा, साइंस, इंजीनियरिंग, बिजनेस, इंडस्ट्री, चिकित्सा, साहित्य, शिक्षा, खेल और सिविल सेवा जैसे विविध क्षेत्रों में उत्कृष्टता के लिए दिए जाते हैं।
Akriti Tiwary
By Akriti Tiwary

Latest Posts