Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अयोध्या : श्रीराम मंदिर के मुख्य शिखर पर कलश स्थापित, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ हवन-पूजन; योगी बोले- यह सांस्कृतिक एकता का प्रतीक

अयोध्या : श्रीराम मंदिर के मुख्य शिखर पर कलश स्थापित, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ हवन-पूजन; योगी बोले- यह सांस्कृतिक एकता का प्रतीक
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि पर बन रहे भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण कार्य में सोमवार को एक और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया। वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के साथ ब्राह्मणों की उपस्थिति में मुख्य शिखर पर कलश की स्थापना की गई। यह कार्य सुबह 9:15 बजे शुरू होकर 10:30 बजे तक सम्पन्न हुआ। इस मौके पर अयोध्या में उत्सव जैसा माहौल रहा और स्थानीय श्रद्धालुओं ने इस क्षण को "सदियों का सपना साकार होने" जैसा बताया।

वैशाखी और अंबेडकर जयंती पर कलश स्थापना

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि यह पवित्र कार्य वैशाखी पर्व और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती के शुभ अवसर पर सम्पन्न हुआ। अब मंदिर के मुख्य शिखर पर ध्वजदंड स्थापना की प्रक्रिया आरंभ की जाएगी। मंदिर निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है और अब यह एक नए चरण में प्रवेश कर चुका है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी बधाई

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कलश स्थापना पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि "राम मंदिर का निर्माण न केवल आध्यात्मिक, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। यह भारत की सनातन संस्कृति को विश्व पटल पर मजबूत करने वाला कदम है।" योगी ने कहा कि श्रीराम मंदिर का निर्माण देशवासियों की आस्था, समर्पण और संकल्प का परिणाम है। उन्होंने ट्रस्ट और निर्माण कार्य से जुड़े सभी लोगों की सराहना करते हुए इसे 'नए भारत' की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

विश्वस्तरीय तीर्थस्थल बनेगा अयोध्या

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अयोध्या को विश्वस्तरीय तीर्थस्थल बनाने के लिए राज्य सरकार सड़कों, रेलवे और हवाई कनेक्टिविटी के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं का भी विस्तार कर रही है। आने वाले समय में यह नगरी धार्मिक पर्यटन का अंतरराष्ट्रीय केंद्र बनेगी।

मूर्तियों की प्रतिष्ठा का कार्य जल्द शुरू होगा

चंपत राय ने जानकारी दी कि अब मंदिर परिसर से निर्माण कार्य में प्रयुक्त मशीनें हटाई जाएंगी और प्रथम तल पर राजा राम, परकोटा और सप्तऋषियों के मंदिरों में मूर्तियों की प्रतिष्ठा का कार्य भी शीघ्र प्रारंभ होगा। उन्होंने बताया कि मंदिर निर्माण निर्धारित समय पर आगे बढ़ रहा है, जिससे भक्तों और रामभक्त समाज में जबरदस्त उत्साह और श्रद्धा का माहौल है।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts