PlayBreaking News

सेक्शुअल हैरेसमेंट केस : प्रज्वल के भाई सूरज रेवन्ना गिरफ्तार, JDS कार्यकर्ता ने लगाए यौन उत्पीड़न के आरोप

Follow on Google News
सेक्शुअल हैरेसमेंट केस : प्रज्वल के भाई सूरज रेवन्ना गिरफ्तार, JDS कार्यकर्ता ने लगाए यौन उत्पीड़न के आरोप
हासन। जनता दल (सेक्युलर) के विधानपरिषद सदस्य सूरज रेवन्ना को पार्टी कार्यकर्ता से दुराचार करने के आरोप में रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पूलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूरज, पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के भाई हैं, जिन पर कई महिलाओं का यौन उत्पीड़न करने के आरोप हैं। सूरज रेवन्ना के खिलाफ पार्टी के एक कार्यकर्ता के साथ दुराचार करने के आरोप में शनिवार को मामला दर्ज किया गया था।

क्या है मामला ?

सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तारी से पहले सूरज से यहां सीईएन पुलिस थाने में रातभर पूछताछ की गई। 27 वर्षीय एक व्यक्ति ने यह शिकायत दी थी कि होलेनरसीपुरा के विधायक एच डी रेवन्ना के सबसे बड़े बेटे सूरज रेवन्ना ने 16 जून को घन्नीकाड़ा स्थित अपने फार्महाउस में उसके साथ दुराचार किया था। इस शिकायत के आधार पर होलेनरसीपुरा पुलिस ने शनिवार देर शाम जद (एस) नेता के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 377 (दुराचार), 342 (बंधक बनाना) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया था।

उलझा हुआ है मामला

इस मामले में सूरज ने शिकायत दर्ज कराई थी कि चेतन नाम के एक व्यक्ति ने अपने एक साथी की मदद से पहले सूरज के मित्र शिवकुमार से दोस्ती की। इसके बाद आर्थिक तंगी का हवाला दिया। इसके बाद शिवकुमार उन्हें लेकर सूरज रेवन्ना से मिला। इस दौरान चेतन और उसके साथी ने सूरज को बदनाम करने की धमकी देते हुए पांच करोड़ रुपए की डिमांड रखी। इस मामले में भी पुलिस ने आईपीसी की धारा 384 और 506 के तहत केस दर्ज किया है। अब पुलिस ने सूरज के खिलाफ यौन शोषण के केस में एफआईआर दर्ज की है।

यह है कर्नाटक सेक्स स्कैंडल

देश की राजनीति में भूचाल लाने वाले कर्नाटक के चर्चित सेक्स स्कैंडल ने पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान जमकर सुर्खियां बटोरी थीं। इस केस में महिलाओं के यौन शोषण के आरोप में जेडीएस नेता प्रज्वल रेवन्ना को 24 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। फिलहाल बलात्कार और यौन शोषण के आरोपों का सामना कर रहे पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना जेल में हैं। वे हासन सीट से लोकसभा चुनाव भी लड़े थे, लेकिन हार गए। 31 मई को जर्मनी से बेंगलुरु हवाई अड्डे पर लौटते ही एसआईटी ने प्रज्वल रेवन्ना को गिरफ्तार कर लिया था। प्रज्वल रेवन्ना के अब तक अलग-अलग लड़कियों के साथ 2500 से ज्यादा अश्लील वीडियो क्लिप की जानकारी सामने आई है। इनमें से कई वीडियो क्लिप चुनाव के दौरान जमकर वायरल की गई थीं। इसके अलावा जांच एजेंसी को एक पेन ड्राइव भी मिली है जिसमें प्रज्वल के कई अश्लील वीडियो हैं। प्रज्वल के खिलाफ पुलिस अब तक 3 अलग-अलग केस दर्ज हैं। प्रज्वल के खिलाफ दर्ज पहला केस 47 साल की पूर्व नौकरानी के यौन शोषण का है।

पिता भी रेप केस में बने आरोपी

नौकरानी के साथ बलात्कार के मामले में प्रज्वल के खिलाफ पहला केस दर्ज किया गया था। इसमें उसे मुख्य आरोपी न बनाकर सहायक आरोपी बनाया गया था। यह मामला भी 28 अप्रैल को हासन के होलेनारसीपुरा पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था। इस केस में प्रज्वल के पिता एचडी रेवन्ना मुख्य आरोपी हैं, जो फिलहाल जमानत पर हैं। प्रज्वल के खिलाफ दूसरा केस कर्नाटक सीआईडी ने दर्ज किया था। इसे 1 मई को दर्ज किया था, जिसमें 44 साल की महिला ने प्रज्वल पर कई बार बलात्कार करने का आरोप लगाया है। इस केस में पीड़ित महिला जेडीएस की ही कार्यकर्ता है। इसके अलावा तीसरा केस भी रेप का ही है। ये भी पढ़ें- कर्नाटक सेक्स स्कैंडल केस : मुख्य आरोपी सांसद प्रज्वल रेवन्ना 35 दिन बाद जर्मनी से भारत लौटे, SIT ने बेंगलुरु एयरपोर्ट पर किया अरेस्ट
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts