खेत के कुएं में गिरा 6 फीट का मगरमच्छ, वन विभाग ने ऐसे बचाई जान

सोहागपुर। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के वन अमले ने बिंदाखेड़ा गांव के डबरी टोला के पास एक खेत के कुएं में गिरे मगरमच्छ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुएं में पानी भरा होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी सावधानी बरतनी पड़ी। वन विभाग की टीम ने मोटर पंप की मदद से पानी खाली कराया और फिर मगरमच्छ को बाहर निकाला। जांच में वह स्वस्थ मिला। उसकी लंबाई 6 फीट 1 इंच और वजन 28.5 किलोग्राम पाया गया। रेस्क्यू के बाद उसे तवा जलाशय के बैकवाटर में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
कुएं में मगरमच्छ गिरने से मचा हड़कंप
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के पूर्व पचमढ़ी वन परिक्षेत्र के बिंदाखेड़ा गांव स्थित डबरी टोला के पास यह घटना हुई। ग्रामीणों ने वन विभाग को बताया कि नन्हेवीर यादव के खेत में बने बिना मुंडेर वाले कुएं में मगरमच्छ गिर गया है। सूचना मिलते ही वनकर्मी और रेस्क्यू दल मौके पर पहुंच गए।
पानी निकालकर किया गया रेस्क्यू
कुएं में पानी भरा होने से मगरमच्छ को बाहर निकालना आसान नहीं था। टीम ने मोटर पंप की मदद से कुएं का पानी कम किया। इसके बाद सावधानी के साथ मगरमच्छ को बाहर निकाला गया। जांच के दौरान उसकी लंबाई 6 फीट 1 इंच और वजन 28.5 किलोग्राम दर्ज किया गया। वन विभाग के अनुसार, मगरमच्छ स्वस्थ और सुरक्षित था।
तवा जलाशय में छोड़ा गया मगरमच्छ
रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ को तवा जलाशय के बैकवाटर में उसके अनुकूल स्थान पर छोड़ दिया गया। इस तरह वन विभाग की टीम ने उसे सुरक्षित प्राकृतिक आवास तक पहुंचाया। अभियान सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की क्षेत्र संचालक राखी नंदा के मार्गदर्शन और उपसंचालक ऋषिभा नेताम के निर्देशन में पूरा हुआ।
वन विभाग की टीम रही मौजूद
रेस्क्यू अभियान में सहायक संचालक पचमढ़ी संजीव शर्मा, वन परिक्षेत्र अधिकारी भूपेश चौरसिया, वन परिक्षेत्र सहायक मटकुली राजेश पटेल सहित रेस्क्यू दल के सदस्य और अन्य वनकर्मी मौजूद रहे। वन विभाग की तत्परता से मगरमच्छ को बिना नुकसान सुरक्षित बाहर निकालकर जलाशय में छोड़ा जा सका।
EDIT BY: ADITI RAWAT




















