Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

स्वीडन में कुरान जलाने वाले इराकी की हत्या, हमलावरों ने सलवान मोमिका को मारी गोली, मुस्लिम देश थे नाराज

स्वीडन में कुरान जलाने वाले इराकी की हत्या, हमलावरों ने सलवान मोमिका को मारी गोली, मुस्लिम देश थे नाराज
स्टॉकहोम। स्वीडन में कुरान जलाने के विवादित मामलों में शामिल इराकी मूल के व्यक्ति सलवान मोमिका (38) की मौत हो गई है। स्टॉकहोम जिला अदालत के एक न्यायाधीश ने गुरुवार को इस घटना की जानकारी दी है। स्वीडिश मीडिया के अनुसार, मोमिका की मौत स्टॉकहोम के पास सोडरटालजे में हुई गोलीबारी में हुई।

कोर्ट के फैसले से पहले मारी गोली

पुलिस के अनुसार, बुधवार रात सोडरटालजे शहर में गोलीबारी की सूचना मिली, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई। स्टॉकहोम जिला अदालत ने बताया कि सलवान मोमिका नामक व्यक्ति के खिलाफ चल रहे एक मामले का फैसला गुरुवार को आना था, लेकिन उनकी मौत के कारण यह स्थगित कर दिया गया। न्यायाधीश गोरान लुंडाहल ने पुष्टि की कि मृतक व्यक्ति मोमिका ही था। हालांकि, उन्होंने यह जानकारी देने से इनकार कर दिया कि उनकी मौत कब और कैसे हुई।

क्या है मामला?

सलवान मोमिका ने 2023 में स्वीडन में इस्लाम की पवित्र किताब कुरान को जलाने और अपवित्र करने की कई घटनाओं को अंजाम दिया था। इन घटनाओं के वीडियो सामने आने के बाद कई मुस्लिम देशों में तीव्र आक्रोश और विरोध प्रदर्शन हुए। कुछ स्थानों पर दंगे और अशांति की घटनाएं भी दर्ज की गईं। मोमिका ने दावा किया था कि उनका विरोध मुस्लिमों के खिलाफ नहीं, बल्कि इस्लाम से था। उन्होंने तर्क दिया था कि वह स्वीडन की जनता को कुरान के संदेशों से बचाना चाहते हैं। स्वीडिश पुलिस ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हवाला देते हुए उनके प्रदर्शनों की अनुमति दी थी, लेकिन उनके खिलाफ कानूनी आरोप भी दायर किए गए थे।

इराक से स्वीडन आया था सलवान मोमिका

सूत्रों के हवाले से बताया कि सलवान मोमिका 2018 में इराक से स्वीडन आया था और उसे 2021 में तीन साल का निवास परमिट दिया गया था। स्वीडिश मीडिया के अनुसार, उसकी गतिविधियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आक्रोश पैदा किया था। वहीं पुलिस ने हत्या के इस मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, अभियोजक रासमस ओमान ने इस पर विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts