Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सागर में जहरीली शराब से अब तक 22 मौतें, 112 लोगों का इलाज जारी; 30 लोगों पर FIR

सागर में जहरीली शराब का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। शराब पीने से मरने वालों की संख्या 22 पहुंच गई है, जबकि 112 से ज्यादा लोगों का सागर और भोपाल के अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
सागर में जहरीली शराब से अब तक 22 मौतें, 112 लोगों का इलाज जारी; 30 लोगों पर FIR
सागर में शराब पीने से मरने वालों की संख्या 22 पहुंची

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। मृतकों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं। वहीं, 112 लोग ऐसे हैं, जिनकी शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ गई। इन सभी का सागर और भोपाल के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। मामले में पुलिस ने शराब बेचने वाले लोगों और अन्य संदिग्धों समेत 30 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। इनमें से 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब शराब की सप्लाई और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

सोमवार सुबह तीन लोगों की मौत

सोमवार सुबह जहरीली शराब के मामले में तीन और लोगों ने दम तोड़ दिया। इनमें महेश रावत (55), श्याम बाई अहिरवार (50) और कृष्ण कुमार लोधी शामिल हैं। इससे पहले रविवार देर रात एयरलिफ्ट करके भोपाल लाए गए राम प्रसाद लोधी की भी मौत हो गई थी। उनके पिता गोविंद लोधी ने भी रविवार को दम तोड़ दिया था। राम प्रसाद का छोटा भाई भूरे लोधी अभी सागर के अस्पताल में भर्ती है। इसके अलावा गूगरा खुर्द के रहने वाले भगवान सिंह (35), खटोरा निवासी गोपाल आदिवासी (40) और मुड़ना पैरा निवासी देश कुमार लोधी की भी मौत की जानकारी सामने आई है।

सागर शराब कांड पर CM मोहन यादव सख्त, बोले- किसी को नहीं बख्शा जाएगा! गांव-गांव स्क्रीनिंग, 7 दुकानें सील, अब पूरे नेटवर्क की तलाश...

परिजनों ने बताया- शराब पीने के बाद बिगड़ी तबीयत

मृतकों के परिजनों का कहना है कि शराब पीने के बाद अचानक लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। महेश रावत के भतीजे श्रवण कुमार रावत ने बताया कि उनके चाचा ने शाम को शराब पी थी। इसके बाद उनकी तबीयत खराब हो गई। वहीं, श्याम बाई के बेटे विट्ठल अहिरवार के मुताबिक, परिवार किसी रिश्तेदार के यहां गमी में गया था और उनकी मां घर पर अकेली थीं। उन्होंने गांव से किसी व्यक्ति के जरिए शराब मंगवाकर पी थी। देर रात उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

FIR में सामने आया सस्ती शराब का मामला

बंडा थाने में दर्ज FIR में शिकायतकर्ता अनूप सिंह लोधी ने कई गंभीर बातें बताई हैं। शिकायत के अनुसार, गांव में कुछ लोग अवैध रूप से शराब बेचते हैं। 4 सितंबर को अनूप अपने भतीजे राजेंद्र लोधी के साथ जुझार लोधी की दुकान पर गया था। FIR के मुताबिक, वहां उन्हें बताया गया कि एक नया और सस्ता ब्रांड आया है, जो सामान्य शराब से करीब 20 रुपए सस्ता मिलेगा। शिकायत में कुछ लोगों के जरिए शराब सप्लाई किए जाने की बात भी कही गई है। इसी दौरान राजेंद्र ने कथित तौर पर सवाल किया था कि कहीं यह नकली या जहरीली शराब तो नहीं है।

PU Special : बंडा में जहरीली शराब से 14 लोगों की मौत, मप्र में फिर उठे सवाल; दूसरे प्रदेशों से आ रही अवैध शराब पर शिकंजा क्यों नहीं?

70 रुपए में खरीदा क्वार्टर, फिर बिगड़ी हालत

FIR के अनुसार, जुझार लोधी की दुकान से राजेंद्र ने 70 रुपए में देशी शराब का एक क्वार्टर खरीदा और उसे पी लिया। रात में घर लौटने के बाद उसकी तबीयत खराब होने लगी। परिवार उसे पहले बंडा अस्पताल लेकर गया। हालत गंभीर होने पर उसे सागर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान राजेंद्र की मौत हो गई। इसी तरह करतार सिंह लोधी और दिग्विजय सिंह लोधी की भी शराब पीने के बाद मौत होने की जानकारी सामने आई है।

कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने मामले में जुझार लोधी, दिनेश सिंह, सौरभ लोधी, गोविंद लोधी, मनोहर लोधी, यशवंत ठाकुर, मनीष लोधी, आशीष साहू समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसके अलावा आकाश राय, रहीम खान, सत्यम, आशाराम, अरविंद, रोहित, माखन, अनिकेत गंधर्व, विशाल लोधी, मंगल रजक और राजा सिंह समेत अन्य लोगों को भी FIR में आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने लाइसेंसी ठेकेदार सिद्धार्थ कुशवाहा, राम सिंह लोधी, चंद्रभान राजपूत, अरविंद यादव, भगवान सिंह और मान सिंह अहिरवार समेत अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सागर: जहरीली शराब से 11 लोगों की मौत, 5 अफसर सस्पेंड; 7 दुकानें सील

पुलिस खंगाल रही शराब का पूरा नेटवर्क

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से आई, किसने सप्लाई की और इसे अलग-अलग इलाकों में कैसे पहुंचाया गया। मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का फोकस शराब के पूरे सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचने पर है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

Latest Posts