सागर: जहरीली शराब से 11 लोगों की मौत, 5 अफसर सस्पेंड; 7 दुकानें सील

सागर। जहरीली शराब पीने के बाद कुछ मरीजों के शरीर नीले पड़ गए हैं और उनमें अकड़न जैसे लक्षण भी सामने आए हैं। आशंका जताई जा रही है कि शराब में मिथाइल अल्कोहल मिला हुआ था। मामले में प्रशासन ने आबकारी और पुलिस विभाग के कई अधिकारियों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है।
नौरोजा और घुघरा खुर्द में सामने आया मामला
कलेक्टर प्रतिभा पाल के मुताबिक, सागर जिले के नौरोजा और घुघरा खुर्द गांव में लोगों के शराब पीने के बाद बीमार होने की सूचना मिली थी। इसके बाद प्रभावित इलाकों में मेडिकल टीमों को भेजकर लोगों की स्क्रीनिंग शुरू कराई गई। जिन लोगों में संदिग्ध लक्षण मिले, उन्हें इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) भेजा गया।
ये भी पढ़ें: हरदा में सर्व ब्राह्मण समाज ने 201 शिक्षकों का किया सम्मान
अब तक 35 मरीजों को अस्पताल लाया गया
अब तक करीब 35 लोगों को अस्पताल लाया जा चुका है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर है। गंभीर मरीजों को BMC और सागर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने BMC में संदिग्ध मरीजों के लिए अलग बेड की व्यवस्था की है, ताकि उनका इलाज और निगरानी बेहतर तरीके से की जा सके।
'पोस्टमॉर्टम में मिथाइल अल्कोहल की आशंका'
कलेक्टर ने बताया कि 2-3 शवों के पोस्टमॉर्टम में मिथाइल अल्कोहल के सेवन की आशंका सामने आई है। कुछ मरीजों के शरीर नीले पड़ने के साथ उनमें अकड़न भी देखी गई है। प्रशासन ने उल्टी, सिरदर्द या बुखार जैसे लक्षण दिखाई देने पर लोगों से तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराने की अपील की है।
आबकारी और पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई
मामले में सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे, जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और बंडा की आबकारी उप निरीक्षक रोशनी उरेते को सस्पेंड किया गया है। गूगरा चौकी प्रभारी ASI पूरन सिंह और बंडा थाना प्रभारी राजेंद्र कुशवाहा को भी निलंबित किया गया है। वहीं, संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरज श्रीवास्तव को ग्वालियर मुख्यालय अटैच किया गया है।
ये भी पढ़ें: छिंदवाड़ा गौरव दिवस पर उठे सवाल, कलेक्टर कार्यालय के सामने देर रात तक चलता रहा कार्यक्रम
सात शराब दुकानें सील
एहतियात के तौर पर बरेठी, बंडा, शाहगढ़, मगरधा, विनायका, दलपतपुर और बरायठा की शराब दुकानों को सील किया गया है। अधिकारियों की ओर से दुकानों से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। एसपी अनुराग सुजानिया ने बताया कि शुरुआती जांच में शराब की सप्लाई उत्तर प्रदेश के ललितपुर से होने की बात सामने आई है और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मौतों के बाद सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी ग्राम नौराज और गूगरा खुर्द पहुंचे। अधिकारियों ने मृतकों के परिवारों से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली और अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया।




















