Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ऑस्ट्रेलिया का वर्चस्व खत्म करने उतरेंगे प्रतिद्वंद्वी, पहला बांग्लादेश और स्कॉटलैंड तो दूसरा मैच पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा

आईसीसी टी-20 महिला विश्वकप क्रिकेट टूर्नामेंट आज से
ऑस्ट्रेलिया का वर्चस्व खत्म करने उतरेंगे प्रतिद्वंद्वी, पहला बांग्लादेश और स्कॉटलैंड तो दूसरा मैच पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा

दुबई। भारत, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका जैसी टीमें गुरुवार से शुरू होने वाले महिला टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया का पिछले लंबे समय से चला आ रहा वर्चस्व खत्म करने की कोशिश करेंगी। टूर्नामेंट की शुरुआत गुरुवार को शारजाह में होने वाले दो मैचों से होगी। इनमें पहला मैच बांग्लादेश और स्कॉटलैंड तथा दूसरा मैच पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। पहले इस टूर्नामेंट का आयोजन बांग्लादेश में होना था, लेकिन वहां राजनीतिक अशांति के कारण अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने इसे संयुक्त अरब अमीरात में स्थानांतरित कर दिया था।

दस टीमों के बीच खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया को हराना सभी टीमों के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी। अभी तक इस प्रतियोगिता का 9 बार आयोजन किया जा चुका है जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने छह बार खिताब जीता है। वह पिछली तीन बार का चैंपियन भी है। इंग्लैंड, भारत और दक्षिण अफ्रीका में समय-समय पर दिखाया है कि ऑस्ट्रेलिया को हराया जा सकता है, लेकिन जब विश्व कप की बात आती है तो उसको पराजित करना किसी भी टीम के लिए आसान नहीं होता है। लगभग 18 महीने पहले दक्षिण अफ्रीका में टीम को चैंपियन बनाने के बाद मेग लैनिंग ने संन्यास ले लिया था और अब ऑस्ट्रेलिया का इस प्रतियोगिता में दबदबा बरकरार रखने का जिम्मा एलिसा हीली के कंधों पर होगा जिन्हें टीम की कप्तानी सौंपी गई है।

हीली आगे बढ़कर नेतृत्व करना चाहेगी, लेकिन अगर वह ऐसा करने में नाकाम रहती हैं तब भी टीम के पास एलिसे पेरी, एशले गार्डनर और ग्रेस हैरिस जैसी मैच विजेता खिलाड़ी हैं। ऑस्ट्रेलिया को ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और श्रीलंका के साथ रखा गया है, जबकि ग्रुप बी में इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश और स्कॉटलैंड हैं। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष पर रहने वाली दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। इंग्लैंड ने 2009 में पहला टी20 महिला विश्व कप जीता था।

हम चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गलतियां नहीं कर सकते : मंधाना

भारत की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने महिला टी20 विश्व कप से एक दिन पहले कहा कि ऑस्ट्रेलिया को हराने का कोई शॉर्टकट नहीं है और छह बार की चैम्पियन टीम पर जीत दर्ज करने के लिए हर टीम को अपना सर्वश्रेष्ठ देना होगा । ऑस्ट्रेलिया पिछले तीनों बार टी20 विश्व कप जीत चुकी है । डेढ़ साल पहले फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराने के बाद पूर्व कप्तान मेग लानिंग ने संन्यास का ऐलान कर दिया था जिसके बाद एलिसा हीली ने कमान संभाली ।

मंधाना ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शुक्रवार को ग्रुप ए के पहले मैच से पूर्व कहा कि विश्व कप का हर मैच अहम है और सभी में सौ फीसदी देना होगा । न्यूजीलैंड और श्रीलंका मजबूत टीमें हैं लेकिन आस्ट्रेलिया के खिलाफ गलती की गुंजाइश नहीं है, उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। वह बेहतरीन टीम है और उसे हराना बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला हमेशा जज्बात से भरा होता है ।

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts