Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रविंद्र, विलियमसन और सेंटनर ने न्यूजीलैंड को फाइनल में पहुंचाया, भारत से होगी भिड़ंत

चैंपियंस ट्रॉफी : न्यूजीलैंड ने टूर्नामेंट के इतिहास का सर्वोच्च स्कोर बनाया, दक्षिण अफ्रीका बाहर
रविंद्र, विलियमसन और सेंटनर ने न्यूजीलैंड को फाइनल में पहुंचाया, भारत से होगी भिड़ंत

लाहौर। सलामी बल्लेबाज रचिन रविंद्र और केन विलियमसन के शतक के बाद कप्तान मिचेल सेंटनर के फिरकी के जादू से न्यूजीलैंड ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 50 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई, जहां उसकी भिड़ंत भारत से होगी।

न्यूजीलैंड के 363 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सेंटनर (43 रन पर तीन विकेट) और ग्लेन फिलिप्स (27 रन पर दो विकेट) की बलखाती गेंदों के सामने दक्षिण अफ्रीका की टीम डेविड मिलर (नाबाद 100 रन, 67 गेंद, 10 चौके, चार छक्के) के शतक और रेसी वान डेर डुसेन (69) तथा कप्तान तेंबा बावुमा (56) के अर्धशतक के बावजूद नौ विकेट पर 312 रन ही बना सकी। वान डेर डुसेन और बावुमा ने दूसरे विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी भी की।

न्यूजीलैंड ने इससे पहले रविंद्र (108 रन, 101 गेंद, 13 चौके, एक छक्का) और विलियमसन (102 रन, 94 गेंद, 10 चौके, दो छक्के) के शतक और दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 164 रन की साझेदारी से छह विकेट पर 362 रन बनाए, जो टूर्नामेंट के इतिहास का सर्वोच्च स्कोर है। ग्लेन फिलिप्स (नाबाद 49, 27 गेंद) और डेरिल मिचेल ने पांचवें विकेट के लिए 30 गेंद में 57 रन जोड़कर टीम का स्कोर 350 रन के पार पहुंचाया।

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts