Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अमेरिका में गूंजेगी रामधुन, 48 राज्यों में जाएगी रथयात्रा

शिकागो में 25 मार्च से रथयात्रा शुरू होकर 851 मंदिरों तक पहुंचेगी
अमेरिका में गूंजेगी रामधुन, 48 राज्यों में जाएगी रथयात्रा

वाशिंगटन। भारत में 22 जनवरी को अयोध्या में भले ही भव्य राम मंदिर का उद्घाटन हो चुका है, लेकिन अब अमेरिका में पहली बार राम मंदिर रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जो शिकागो से शुरू होगी। 25 मार्च को शिकागो से शुरू होने वाली राम मंदिर रथ यात्रा अमेरिका के 48 राज्यों और 851 हिंदू मंदिरों को कवर करेगी और इस दौरान 8 हजार मील की यात्रा तय की जाएगी। ये रथ यात्रा दो महीने तक चलने वाली है, जिसमें भारी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। यात्रा 23 अप्रैल को श्री हनुमान जयंती के दिन इलिनोइस के शुगर ग्रोव में समाप्त होगी। रथयात्रा के आयोजक संगठन विश्व हिंदू परिषद आॅफ अमेरिका (वीएचपीए) के महासचिव अमिताभ मित्तल ने बताया कि अमेरिका में राम मंदिर रथयात्रा सोमवार को शिकागो से शुरू होगी। यह यात्रा 60 दिन में 8,000 मील से अधिक की दूरी तय करते हुए 48 राज्यों के 851 मंदिरों में जाएगी। टोयोटा सिएना वैन के ऊपर बने रथ में भगवान राम, देवी सीता, लक्ष्मण और हनुमान की मूर्तियों के साथ साथ अयोध्या के राम मंदिर से लाया गया विशेष प्रसाद और प्राण प्रतिष्ठा पूजित अक्षत कलश भी होगा।

कनाडा के 150 मंदिरों में भी जाएगी राम मंदिर रथयात्रा

वीएचपीए के महासचिव अमिताभ मित्तल ने बताया कि राम मंदिर के उद्घाटन ने दुनिया भर के 1.5 अरब से अधिक हिंदुओं के दिलों को खुशी से भर दिया है और उनमें एक नई ऊर्जा और विश्वास का संचार किया है। यह यात्रा अमेरिका के 851 मंदिर और कनाडा के लगभग 150 मंदिरों में भी जाएगी। बता दें, कनाडा में रथ यात्रा का आयोजन विश्व हिंदू परिषद आॅफ कनाडा द्वारा किया जा रहा है।

हिंदू धर्म के बारे जागरूकता बढ़ाना यात्रा का उद्देश्य

अमेरिका के सभी मंदिरों की शीर्ष संस्था हिंदू मंदिर सशक्तीकरण परिषद (एचएमईसी) की तेजल शाह ने कहा कि इस रथ यात्रा का उद्देश्य हिंदू धर्म के बारे में लोगों में जागरूकता बढ़ाना, उन्हें शिक्षित करना और सशक्त बनाना है। शाह ने कहा कि यह यात्रा सभी हिंदुओं को एकजुट होने और इसमें भाग लेने का अवसर प्रदान करेगी और इससे हिंदू लोकाचार और धर्म का पुनरुत्थान होगा।

अमेरिका में पहली बार इस तरह की यात्रा का आयोजन

वीएचपीए के महासचिव अमिताभ मित्तल ने कहा कि इस यात्रा की योजना बनाने और इसके आयोजन में मदद के लिए कई स्वयंसेवकों ने वीएचपीए में पंजीकरण कराया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका में यह पहली बार है, जब हिंदू समुदाय द्वारा इस तरह की यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत रथ रूपी वैन को अमेरिका के 800 से अधिक मंदिरों तक ले जाया जाएगा।

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts