
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा राम नवमी के पावन अवसर पर आज मुख्यमंत्री निवास में राम जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सीएम शिवराज ने सपत्नीक पूजा-अर्चना कर विश्व कल्याण और देश, प्रदेश की प्रगति के लिए प्रार्थना की। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में राम राज्य स्थापित कर रहे हैं।
येे भी पढ़ें: पूर्व सीएम और सीएम में सुलह : उमा भारती ट्वीट कर बोलीं- हमारी हुई थी बात; तो CM शिवराज ने कही ये बात
सीएम ने भगवान श्रीराम के भजन गाए
सीएम शिवराज ने रामनवमी के पावन पर्व पर निवास में श्रीराम दरबार की पूजा-अर्चना कर एवं भजन गाकर प्रभु के श्रीचरणों की वंदना की और प्रदेश एवं देश के कल्याण तथा उन्नति के लिए प्रार्थना की। सीएम ने कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीराम की स्तुति ‘श्रीरामचन्द्र कृपालु भजमन’, लोकप्रिय आरती ‘भए प्रगट कृपाला, दीनदयाला, कौशल्या हितकारी’ तथा प्रसिद्ध भजन ‘राम भजन सुखदाई’ का गायन किया।

सीएम ने कन्याओं को कराया भोजन
मुख्यमंत्री निवास पर शनिवार को सीएम शिवराज सिंह चौहान ने नवरात्रि के पावन अवसर पर निवास पर सपत्नीक शक्ति स्वरूपा कन्याओं का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर उन्हें अपने हाथों से भोजन कराया एवं उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। जय मां अम्बे!
हम रामराज्य की तरफ बढ़ रहे हैं : सीएम शिवराज
मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री रामचंद्र जी के जन्मोत्सव रामनवमी की आप सभी को बधाई। यह पर्व रामराज्य की स्थापना की प्रेरणा देता है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी देश में राम राज्य स्थापित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से मध्यप्रदेश में भी हम रामराज्य की तरफ बढ़ रहे हैं। जहां गरीब कल्याण समानता कमजोर वर्ग के उत्थान के लक्ष्य को प्राप्त किया जा रहा है। सीएम शिवराज ने कहा, प्रभु श्रीराम जी का जीवन सभी वर्ग के कल्याण, दीन दुखी की सेवा और सामाजिक समानता का संदेश है। हम सभी इस पर्व पर प्रदेश के विकास, आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश में सहभागिता का संकल्प लें।