Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गुजरात कांग्रेस पर भड़के राहुल गांधी, बोले- आधे नेता बीजेपी से मिले हुए; कई नेताओं को बाहर करने के संकेत

गुजरात कांग्रेस पर भड़के राहुल गांधी, बोले- आधे नेता बीजेपी से मिले हुए; कई नेताओं को बाहर करने के संकेत
अहमदाबाद। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुजरात कांग्रेस की मौजूदा स्थिति पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि गुजरात में कांग्रेस दो गुटों में बंटी हुई है, एक वह जो जनता के साथ खड़ा है और कांग्रेस की विचारधारा में विश्वास रखता है और दूसरा वह जो जनता से कटा हुआ है, जिसमें से आधे लोग बीजेपी से मिले हुए हैं। उन्होंने साफ किया कि ऐसे नेताओं को कांग्रेस से बाहर किया जाएगा।

गुजरात दौरे पर राहुल गांधी का बड़ा बयान

राहुल गांधी दो दिन के गुजरात दौरे पर हैं। शनिवार को दौरे के दूसरे दिन उन्होंने अहमदाबाद के जेड हॉल में प्रदेश के करीब 2,000 कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत करने और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट करने पर जोर दिया।

कांग्रेस में बब्बर शेर हैं, लेकिन जंजीरों से बंधे हुए- राहुल

राहुल गांधी ने अपनी स्पीच में कहा, "कांग्रेस में नेताओं की कोई कमी नहीं है। जिला स्तर और ब्लॉक स्तर पर बब्बर शेर हैं, लेकिन उन्हें जंजीरों से बांध दिया गया है। रेस के घोड़ों को बारात में बांधा जा रहा है। हमें इन जंजीरों को तोड़ना होगा और सही नेतृत्व को आगे लाना होगा।" उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि गुजरात आगे बढ़ना चाहता है, लेकिन कांग्रेस उसे रास्ता नहीं दिखा पा रही। उन्होंने इस बात को स्वीकार किया कि अब तक कांग्रेस जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह खरी नहीं उतर पाई है।

बीजेपी के लिए काम करने वाले जाएं बाहर

राहुल गांधी ने दो टूक कहा कि कांग्रेस में जो लोग अंदर से बीजेपी के लिए काम कर रहे हैं, उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। उन्होंने कहा, "अगर हमें जनता से जुड़ना है, तो सबसे पहला काम यह करना होगा कि पार्टी में मौजूद दो गुटों को अलग किया जाए। अगर इसके लिए 30-40 लोगों को बाहर करना पड़े, तो हम ऐसा करेंगे। अगर किसी का दिल कांग्रेस के लिए धड़कता है, तो संगठन में वही रह सकता है।"

गुजरात कांग्रेस को चुनाव की नहीं, विचारधारा की बात करनी चाहिए

राहुल गांधी ने कहा कि गुजरात कांग्रेस को अब सिर्फ चुनावों की चर्चा नहीं करनी चाहिए, बल्कि अपनी विचारधारा को जनता तक पहुंचाने का काम करना चाहिए। उन्होंने महात्मा गांधी और सरदार पटेल का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस को उनके दिखाए रास्ते पर चलना होगा। उन्होंने कहा, "हमारा यह प्रोजेक्ट 50 साल का है। हमें कांग्रेस की विचारधारा को गुजरात की जनता से जोड़ना होगा। जैसे ही हम संगठन को सही लोगों के हाथों में देंगे, तूफान की तरह जनता हमारे साथ जुड़ जाएगी।"

महिला कार्यकर्ताओं से भी की मुलाकात

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर राहुल गांधी ने महिला कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की और उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिलाओं को राजनीति में मजबूत भागीदारी देने के लिए प्रतिबद्ध है। ये भी पढ़ें- भोपाल : सीएम डॉ. मोहन यादव की सुरक्षा की कमान महिलाओं के हाथ, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर खास पहल
Wasif Khan
By Wasif Khan

फिलहाल जुलाई 2024 से पीपुल्स अपडेट में सब-एडिटर हूं। बीते 3 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हूं। 12वीं म...

Latest Posts