PlayBreaking News

दिल्ली के चुनाव परिणाम पर राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रतिक्रिया, बोले- लड़ाई जारी रहेगी

Follow on Google News
दिल्ली के चुनाव परिणाम पर राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रतिक्रिया, बोले- लड़ाई जारी रहेगी
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 27 साल बाद दिल्ली में धमाकेदार जीत मिली है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि वह दिल्ली के जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करते हैं तथा आगे उनकी पार्टी राष्ट्रीय राजधानी की प्रगति तथा दिल्लीवासियों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि दिल्ली का जनादेश पार्टी की उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है, लेकिन वह इसे स्वीकारते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस दिल्ली में विकास के मुद्दे उठाती रहेगी और जनता के साथ जुड़ी रहेगी।

भाजपा दिल्ली से 47 सीट जीती

निर्वाचन आयोग के शाम 7 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा दिल्ली की 70 में से 47 सीट जीत गई है और एक पर उसकी बढ़त बरकरार है। इस प्रकार वह 48 सीट पर जीत या बढ़त के साथ निर्णायक बहुमत हासिल करती दिख दिख रही है, जबकि आप 22 सीट पर सिमट गई। एक बार फिर कांग्रेस दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपना खाता खोल नहीं सकी।

दिल्ली के जनादेश को स्वीकारते हैं : राहुल

राहुल गांधी ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘दिल्ली का जनादेश हम विनम्रता से स्वीकार करते हैं। प्रदेश के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनके समर्पण और सभी मतदाताओं को उनके समर्थन के लिए दिल से धन्यवाद।'' उन्होंने कहा, ‘‘प्रदूषण, महंगाई और भ्रष्टाचार के विरुद्ध, दिल्ली की प्रगति और दिल्लीवासियों के अधिकारों की यह लड़ाई जारी रहेगी।''

जनादेश हमारी उम्मीदों के अनुरूप नहीं : खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने जनहित में सत्ता के खिलाफ माहौल बनाया, पर जनता ने हमें उम्मीद के अनुरूप जनादेश नहीं दिया। हम जनमत को स्वीकारते हैं।'' उन्होंने कहा कि कांग्रेस के हर एक नेता और कार्यकर्ता ने एकजुट होकर, विपरीत परिस्थितियों में मेहनत की, पर अभी और कड़ी मेहनत और संघर्ष की आवश्यकता है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘आने वाले दिनों में हम दिल्ली में प्रदूषण, यमुना की सफ़ाई, बिजली, सड़क, पानी और विकास के मुद्दों को उठाते रहेंगे और जनता से जुड़े रहेंगे।''
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts