इंदौरमध्य प्रदेश

पुष्यमित्र भार्गव बने इंदौर के 24वें महापौर, सफाईकर्मियों का किया अभिवादन; CM शिवराज नहीं हुए शामिल

इंदौर नगर निगम के 24वें महापौर के रूप में पुष्यमित्र भार्गव और भाजपा पार्षदों का शपथ समारोह शुक्रवार को अभय प्रशाल में हुआ। पहले भार्गव ने महापौर पद की शपथ ली। कलेक्‍टर मनीष सिंह ने उन्‍हें शपथ दिलाई।

शपथ लेकर भार्गव ने भारत माता की जय का नारा लगाया और माहौल राम राम जय राजाराम गीत से गूंज उठा। उन्‍होंने शपथ लेने के बाद मंच से नीचे उतकर सफाई मित्रों का सबसे पहले अभि‍वादन किया। इसके बाद सिलसिलेवार पार्षदों को शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में नगरीय विकास व आवास मंत्री भूपेंद्रसिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए।

इंदौर को बेंगलुरु और हैदराबाद से आगे ले जाएंगे

समारोह के बाद भार्गव ने अपने संबोधन में कहा कि वे देवी अहिल्‍या के आदर्शों से प्रेरणा लेते हैं और अंतिम पंक्ति के शख्‍स के लिए संघर्ष करता रहूंगा। उन्‍होंने अपने गुरुजनों और वरिष्‍ठ नेताओं का भी उल्‍लेख किया। पुष्यमित्र बोले इंदौर को बेंगलुरु और हैदराबाद से आगे ले जाने का प्रयास करूंगा। दुनिया का ऐसा शहर बनाएंगे जहां तकनीक, ग्रीनरी, हाईटेक और स्मार्ट सिटी में इंदौर की विश्व में चर्चा हो। तीन माह में जो काम करने हैं उसके संकल्प को जारी करेंगे। सब मिलकर इंदौर का विकास करेंगे।

भाजपा के 64 और दो निर्दलीय पार्षदों ने ली शपथ

इस शपथ समारोह में 85 पार्षदों में से 18 कांग्रेसी पार्षद शपथ समारोह में शामिल नहीं हुए। वे 6 अगस्त को कलेक्टोरेट में शपथ लेंगे। भाजपा के 64 और 2 निर्दलीय पार्षद सहित कुल 66 पार्षदों ने शपथ ली।

कार्यक्रम स्‍थल पर लोगों ने तिरंगा लहराया।

किन्नरों ने किया स्वागत

कार्यक्रम में किन्नरों ने महापौर व अन्य अतिथियों का स्वागत किया। पुष्यमित्र भार्गव ने सबसे पहले सफाई कर्मियों का अभिवादन किया। इसके बाद वरिष्ठ नेताओं के पैर छुए और गले भी मिले। भार्गव ने मंच से नीचे जाकर भी अभिवादन स्वीकारा।

CM समेत ये वरिष्ठ नेता नहीं हुए शामिल

शपथ समारोह में पार्टी के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय विदेश में होने के कारण शामिल नहीं हो सके। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। सांसद शंकर लालवानी भी लोकसभा सत्र के चलते इन दिनों दिल्ली में हैं। इसके चलते वे भी समारोह में शामिल नहीं होंगे।

ये भी पढ़ें: हर घर तिरंगा अभियान : CM शिवराज बोले- मैंने अपना तिरंगा ले लिया, आपने लिया या नहीं? सेल्‍फी प्‍वाइंट पर खिंचवाई फोटो

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button