ताजा खबरराष्ट्रीय

पंजाब में खतरें में गोवंश : लुधियाना में मृत मिलीं 25 गाय… मचा हड़कंप, प्रशासन के खिलाफ लोगों में आक्रोश; 2 दिन पहले भी मिले थे शव

लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में गायों की मौत के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। यहां आज सुबह ताजपुर रोड पानी वाली टंकी के पास गायों के शव मिले जिसे देखकर हड़कंप मच गया। इनमें करीब 25 गाय हैं। ये गाय किन कारणों से मरी, इस बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। लगातार पशुओं के शव मिलना चिंता का विषय बनता जा रहा है। इस घटना के दो दिन पहले ही लुधियाना में ही 10 शव मिले थे। जिसके बाद हिंदू धर्म के लोगों में प्रशासन के खिलाफ गुस्सा देखने को मिल रहा है।

बोरियों में मिले गाय के शव

खबर तब सामने आई जब सोमवार सुबह इलाके के निवासी समाज सेवक भोला सैर करने निकले तो उन्हें कई गोवंश मृत अवस्था में पड़े दिखे, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाया और लोगों को इक्ट्ठा किया। गोवंश के शव बोरियों में डालकर फेंके गए हैं। जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई और घटना स्थल पर थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस पहुंची।

डेयरी संचालकों पर पशुओं को छोड़ने का आरोप

इलाके में अवैध रूप से हड्‌डा रोड़ी बनी है, करीब 25 शव मिले हैं। स्थानिय लोगों ने डेयरी संचालकों पर आरोप लगाते हुए कहा कि, जब पशु दूध देना बंद कर देते हैं तो डेयरी संचालक उन पशुओं को या तो खुला सड़कों पर छोड़ देते हैं या फिर वह हड्‌डा रोड़ी में छोड़ जाते हैं। अभी इस मामले में जांच की जा रही है।

SHO सुखदेव सिंह ने दी जानकारी

SHO सुखदेव सिंह ने इस मामले के बारे में बात करते हुए कहा, लाडोवाल थाना इलाके में प्रशासन के द्वारा एक जगह मृतक पशुओं के निपटारे के लिए चयनित की गई थी। लेकिन गांव के लोगों के विरोध के कारण वहां काम शुरू नहीं हुआ। पता चला है कि प्रशासन ने इस जगह को चयनित किया था कि यहां पर मरे हुए पशुओं को रात को इकट्ठा किया जाए और अगले दिन यहां से उठवाकर आगे भेजा जाएगा जहां उसका निपटारा होगा। प्रशासन के साथ बातचीत की जा रही है। जल्द इस समस्या का समाधान निकाल लिया जाएगा।

2 दिन पहले मिले थे 10 शव

बता दें कि इस घटना से दो दिन पहले यानी की 9 मार्च को टिब्बा रोड स्थित कूड़ा डंप से 10 गायों के शव मिले थे। मामले की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया था।

लोगों में दिखा गुस्सा

शिव सेना इंसाफ के नेता नीरज ने कहा कि, 2 दिन पहले भी गायों के शव कूड़ा डंप से मिले हैं। आज फिर बड़ी संख्या में गाय के शव मिले हैं। इस मामले को लेकर लोगों में गुस्सा भरा हुआ है। पुलिस प्रशासन को डेयरी संचालकों की जांच करनी चाहिए। उनसे रिकॉर्ड लेना चाहिए कि उनके पास कितने पशु हैं। यदि कोई पशु मरता है तो उसकी संभाल सही तरीके से होनी चाहिए न की सड़कों पर फेंक देना चाहिए। आज इन गायों को गंदगी से निकाला है। कुत्ते इन गायों को नोच रहे थे।

ये भी पढ़ें – ‘हमें बचा लीजिए, नेपाल से कुछ नहीं हो रहा…’ रूस में फंसे नेपाली सैनिकों ने भारत से लगाई मदद की गुहार, वीडियो हुआ वायरल

संबंधित खबरें...

Back to top button