ग्वालियरताजा खबरमध्य प्रदेश

PM IN MP : मुरैना में मोदी की आम सभा, बोले- हमने सेना को दी खुली छूट, एक गोली आए तो 10 मारो और एक गोला आए तो दस तोपें चलाओ

मुरैना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार दूसरे दिन आज मध्य प्रदेश के दौरे पर रहे। उन्होंने मुरैना के पुलिस परेड ग्राउंड में भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी शिवमंगल सिंह तोमर के समर्थन में जनसभा की। पीएम मोदी ने कहा कि, MP के लोग जानते हैं कि समस्या से एक बार पीछा छूट जाए तो उससे दूर ही रहना चाहिए। कांग्रेस पार्टी ऐसी ही विकास विरोधी बहुत बड़ी समस्या है। वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा- ये चुनाव मोदी को तीसरी बार पीएम बनाने का चुनाव है। अप्रैल महीने में 18 दिनों में पीएम का यह एमपी में छठवां दौरा रहा।

पीएम मोदी का संबोधन

  • मैं आज देश के सामने पहली बार एक दिलचस्प तथ्य रखना चाहता हूं। जब देश की एक प्रधानमंत्री इंदिरा जी नहीं रही, तो उनकी जो प्रॉपर्टी थी, वो उनकी संतानों को मिलनी थी। लेकिन पहले ऐसा कानून था कि वो उनको मिलने से पहले सरकार एक हिस्सा ले लेती थी। तब चर्चा थी कि जब इंदिरा जी नहीं रही और उनके बेटे राजीव गांधी जी को ये प्रॉपर्टी मिलनी थी। तब अपनी उस प्रॉपर्टी को बचाने के लिए, उस समय के प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी ने पहले जो Inheritance कानून था, उसको समाप्त कर दिया था।
  • आजकल कांग्रेस के शाही परिवार के शहजादे पूरे देश में बढ़ चढ़कर कह रहे हैं कि अब आपकी संपत्ति का एक्स-रे होगा। हमारी माताओं-बहनों के पास जो पवित्र स्त्रीधन होता है। कांग्रेस उसे जब्त करके अपनी वोटबैंक मजबूत करने के लिए, उसे बांटने की सार्वजनिक घोषणा कर रही है, मेनिफेस्टो में बता रही है।
  • इन दिनों कांग्रेस के शहजादे को आए दिन मोदी का अपमान करने में मजा आ रहा है। वो कुछ भी बोलते जा रहे हैं। इससे कुछ लोग दुखी हैं कि देश के प्रधानमंत्री के लिए ऐसी भाषा का प्रयोग क्यों किया जा रहा है। मेरी सबसे विनती है कि कृपया करके आप दुखी मत होइए, गुस्सा मत कीजिए, आपको पता है कि वे नामदार हैं और हम कामदार हैं।
  • भाजपा सबका साथ, सबका विकास के मंत्र पर चलने वाली पार्टी है। भाजपा सरकार जरूरतमंदों में कोई भेदभाव नहीं करती। कोविड के दौरान जरूरतमंद 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिलता रहा। भाजपा सरकार ने 4 करोड़ गरीबों को पक्के मकान दिए हैं। ये घर बिना भेदभाव, हर धर्म के लोगों को मिले हैं।

  • 2014 में कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में लिखा कि धर्म के आधार पर आरक्षण देने के लिए कानून बनाना पड़े, तो कानून भी बनाएंगे। लेकिन, 2014 में दलित, OBC और आदिवासी समाज जाग गया और उसके बाद सभी समाजों ने एक होकर कांग्रेस के सपनों को मिट्टी में मिला दिया, उनको सत्ता से बाहर कर दिया।
  • कांग्रेस, दलितों का, पिछड़ों का, आदिवासियों का हक छीनने का षड्यंत्र लंबे समय से कर रही है। 19 दिसंबर, 2011 को तब की कांग्रेस की केंद्र सरकार धर्म के नाम पर आरक्षण देने का एक note कैबिनेट में लेकर आई थी। इस कैबिनेट note में कहा गया था कि OBC समाज को जो 27% आरक्षण मिलता है, उसका एक हिस्सा काटकर, मजहब के नाम पर दिया जाएगा। सिर्फ 2 दिन बाद 22 दिसंबर, 2011 को इसका आदेश भी निकाल दिया गया। बाद में आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट ने कांग्रेस सरकार के इस आदेश को रद्द कर दिया। ये सुप्रीम कोर्ट गए, लेकिन राहत नहीं मिली।
  • कर्नाटक में कांग्रेस सरकार का राज है और उन्होंने क्या पाप किया है? आप हैरान हो जाओगे। मुझे बताइए कि आपके गांव में आकर कोई कह दे कि इस गांव में सारे लोग अब ‘ये’ नहीं ‘ये’ हो गए हैं, तो आपको मंजूर होगा क्या? कांग्रेस सरकार ने कर्नाटक में जितने भी मुस्लिम समाज के लोग हैं, उच्च वर्ग के, धनी, व्यापारी, उद्यमी, न्यायमूर्ति, कोई भी बस मुसलमान होना चाहिए। अगर वो मुसलमान है तो उन्होंने रातों-रात एक कागज पर हस्ताक्षर करके उन सभी को OBC घोषित कर दिया। वहां कांग्रेस ने विद्या और सरकारी नौकरी में पहले जिन OBC लोगों को आरक्षण मिलता था उस OBC समाज में इतने सारे नए लोग डाल दिए कि OBC समाज को जो आरक्षण मिलता था वो उनसे छीन लिया, चोरी-छिपे छीन लिया और मुसलमानों को गैर-कानूनी तरीके से OBC बना दिया था।

  • आप सब जानते हैं आजादी के समय कांग्रेस ने धर्म के नाम पर देश का विभाजन स्वीकार किया था। मां भारती के हाथों की जंजीरें काटने के बजाय कांग्रेस ने मां भारती की भुजाएं ही काट दी। देश के टुकड़े कर दिए थे। लेकिन कांग्रेस सुधरने को तैयार नहीं है। कांग्रेस को लगता है, यही उसके फायदे के लिए सरल रास्ता है। आज एक बार फिर कांग्रेस कुर्सी के लिए छटपटा रही है। अब कुर्सी पाने कि लिए भांति-भांति के खेल खेल रही है… ये लोग फिर से धार्मिक तुष्टीकरण को मोहरा बना रहे हैं।
  • हमने सीमा पर खड़े जवानों की सुविधा की भी चिंता की। कांग्रेस सरकार ने जवानों के जो हाथ बांध रखे थे, हमनें उन्हें भी खुली छूट दे दी। हमने कहा कि अगर एक गोली आती है तो 10 गोली चलनी चाहिए। अगर एक गोला फेंकते हैं तो 10 तोपें चल जानी चाहिए।
  • भाजपा के लिए देश से बड़ा और कुछ भी नहीं है। लेकिन, कांग्रेस के लिए अपना परिवार ही सबकुछ है। कांग्रेस की पॉलिसी है, जो देश के लिए सबसे ज्यादा योगदान, मेहनत और समर्पण करे, उसे सबसे पीछे रखो। इसलिए, कांग्रेस ने इतने वर्षों तक सेना के जवानों की One Rank-One Pension जैसी मांग पूरी नहीं होने दी। हमने सरकार बनते ही One Rank-One Pension को लागू किया।

  • भाजपा सरकार में हुए विकास को भिंड, मुरैना, ग्वालियर के वो लोग और ज्यादा अनुभव कर रहे हैं, जिन्होंने कांग्रेस का काला दौर देखा है। 4 जून के बाद हमारे मुख्यमंत्री मोहन यादव जी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश का विकास और स्पीड पकड़ने जा रहा है।

  • कांग्रेस ने MP को बीमारू राज्यों की लाइन में खड़ा कर दिया था। भाजपा की सरकार ने कांग्रेस के बनाए गड्ढों को भरने के बाद मध्य प्रदेश और चंबल को नई और गौरवपूर्ण पहचान दिलाई है।
  • एमपी के लोग जानते हैं कि समस्या से एक बार पीछा छूट जाए तो फिर उस समस्या से दूर ही रहना चाहिए। कांग्रेस पार्टी ऐसी ही विकास विरोधी एक बहुत बड़ी समस्या है।

  • मुरैना ने हमेशा उन्हीं का साथ दिया है, जिनके लिए राष्ट्र प्रथम है। आप सबका उत्साह देखकर मैं कह सकता हूं कि मुरैना आज भी न अपने संकल्प से डिगा है और न ही कभी डिगेगा। मुरैना ने मन बना लिया है – फिर एक बार मोदी सरकार।
  • देश के विकास के लिए एक स्थिर और मजबूत सरकार कितनी जरूरी होती है, ये मध्य प्रदेश के लोग बहुत अच्छे से जानते हैं।

एक दिन पहले भोपाल में किया था रोड शो

इससे पहले, बुधवार (24 अप्रैल) को पीएम ने सागर और हरदा में चुनावी सभा की थी। भोपाल में रोड शो भी किया था। रोड शो मालवीय नगर स्थित एयरटेल तिराहे से शुरू हुआ, जो मेजर नानके पेट्रोल पंप तक एक किलोमीटर लंबा रोड शो लगभग 25 मिनट चला। इस दौरान उनके साथ सीएम डॉ. मोहन यादव और भोपाल से भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- भोपाल में PM मोदी का रोड शो, उमड़ी भीड़, बरसाए फूल, 25 मिनट में तय किया एक किलोमीटर का फासला

संबंधित खबरें...

Back to top button