ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 3 मार्च को करेंगी 7वें अंतर्राष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन का शुभारंभ, CM शिवराज ने की तैयारियों की समीक्षा

भोपाल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 3 मार्च को राजधानी आ रही हैं। राष्ट्रपति भोपाल में 7वें अंतर्राष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन का शुभारंभ करेंगी। इस सम्मेलन में 16 देशों के प्रतिनिधि और 6 देशों के संस्कृति मंत्री भी शामिल होंगे। आयोजन को लेकर गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्टेट हैंगर पर मीटिंग ली।

मप्र की सुखद स्मृतियां लेकर लौटे विदेशी प्रतिनिधि

मीटिंग में सीएम ने कहा कि अतिथि देवो भव: की परम्परा के अनुसार पूर्ण गरिमा और आत्मीयता के साथ सम्मेलन का आयोजन किया जाए। अंतर्राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन की व्यवस्थाएं ऐसी हों, जिसमें मध्यप्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर प्रभावी रूप से परिलक्षित हो। विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधि मध्य प्रदेश की सुखद स्मृतियां लेकर अपने देशों में लौटे और मध्य प्रदेश की सकारात्मक छवि वैश्विक स्तर पर निर्मित हो। प्रवासी भारतीय सम्मेलन के समान ही इस आयोजन की तैयारियां की जाए।

बैठक में ये रहे उपस्थित

स्टेट हैंगर पर हुई बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी, प्रमुख सचिव संस्कृति सुखबीर सिंह, प्रमुख सचिव अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण पल्लवी जैन गोविल, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सुधीर सक्सेना, प्रमुख सचिव जनसंपर्क राघवेन्द्र सिंह और सांची बौद्ध विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. नीरजा गुप्ता उपस्थित रही।

कुशाभाऊ ठाकुरे सभागार में होगा सम्मेलन

जानकारी के अनुसार, 7वें अंतर्राष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन 3 से 5 मार्च 2023 तक कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में होगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में 3 मार्च को दोपहर 12.15 बजे से शुरू होने वाले शुभारंभ-सत्र में राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे। शुभारंभ-सत्र में श्रीराम जन्म-भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के स्वामी गोविंददेवगिरि जी महाराज का उद्बोधन भी होगा।

अतिथियों द्वारा “द पेनारोमा ऑफ इंडियन फिलोसपर्स एंड थिंकर्स” पुस्तक का विमोचन किया जाएगा। प्रथम दिवस के दूसरे-सत्र में इंडिया फाउंडेशन की गवर्निंग कॉउंसिल के सदस्य श्री राम माधव की अध्यक्षता में मिनिस्टर-सत्र में भूटान, श्रीलंका, नेपाल और इंडोनेशिया के संस्कृति मंत्री अपने विचार रखेंगे।

ये भी पढ़ें: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का MP दौरा कल, विंध्य में बीजेपी की स्थिति का लेंगे जायजा, कोल समाज के महासम्मेलन में होंगे शामिल

सम्मेलन में इन देशों के प्रतिनिधि लेंगे भाग

सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों, विश्वविद्यालय के साथ ही अमेरिका, साउथ कोरिया, थाईलैंड, स्पेन, वियतनाम, मॉरीशस, रशिया, भूटान, श्रीलंका, इंडोनेशिया, नेपाल, मंगोलिया, फ्रांस आदि देशों से आए विद्वान और शोधार्थी भाग लेंगे।

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

 

संबंधित खबरें...

Back to top button