8 नहीं अब 9 जून को PM पद की शपथ ले सकते हैं नरेंद्र मोदी, भूटान-बांग्लादेश-श्रीलंका समेत इन देशों को निमंत्रण

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे आने के बाद NDA सरकार के शपथ ग्रहण की कवायद तेज हो गई है। लगातार तीसरी बार नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। मोदी सरकार 3.0 के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी जोरों पर है। सूत्रों की मानें तो 8 जून की जगह अब 9 जून को शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है।
शपथ ग्रहण समारोह में इन देशों को निमंत्रण
NDA के चुनाव जीतने के बाद से ही विदेशी नेताओं की ओर से नरेंद्र मोदी को बधाई देने का दौर जारी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने बुधवार को फोन करके पीएम मोदी को चुनाव जीतने पर बधाई दी थी। अमेरिका के राष्ट्रपति बाइडेन, रूस के राष्ट्रपति पुतिन और फ्रांस के राष्ट्रपति की तरफ से प्रधानमंत्री को बधाई संदेश भेजा गया। नेपाल के पीएम प्रचंड ने भी फोन कर मोदी को बधाई दी। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री हसीना ने भी बुधवार शाम मोदी को फोन करके चुनाव में जीत की बधाई दी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में कई विदेशी मेहमानों को भी आमंत्रित किया गया है। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, श्रीलंका के राष्ट्रपति रनिल विक्रमसिंघे, नेपाल के प्रधानमंत्री प्रचंड समेत मॉरीशस और भूटान के नेता शामिल शपथ ग्रहण समारोह में हो सकते हैं।9 जून - सुपर संडे
9 जून को नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार केंद्र में सरकार बनेगी। इतिहास में वे देश के दूसरे ऐसे नेता बन जाएंगे, जो लगातार तीसरी बार चुनाव जीते और देश के पीएम बने। इससे पहले यह रिकॉर्ड जवाहर लाल नेहरू के नाम पर है। इसी दिन (9 जून) न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच T20 वर्ल्ड कप का महामुकाबला खेला जाएगा। फैन्स इस मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में इस सप्ताह का आखिरी दिन यानी कि रविवार बेहद ही रोमांचक साबित हो सकता है।राष्ट्रपति को सौंपा था त्याग पत्र
नरेंद्र मोदी ने बुधवार (5 जून) को राष्ट्रपति भवन पहुंचकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के बाद मंत्रिपरिषद सहित अपना इस्तीफा राष्ट्रपति को सौंप दिया था। राष्ट्रपति ने उनका इस्तीफा स्वीकार करते हुए उनसे और मंत्रिपरिषद से अनुरोध किया कि वह नई सरकार के कार्यभार संभालने तक पद पर बने रहें।
पीएम मोदी के नाम होगा नया रिकॉर्ड
भाजपा को 240 सीटें मिलीं, जो बहुमत के आंकड़े से 32 सीट कम हैं। हालांकि, NDA ने 292 सीटों के साथ बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया। पीएम मोदी 8 जून को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। तीसरी बार पीएम पद की शपथ लेते ही उनके नाम एक नया रिकॉर्ड भी जुड़ जाएगा। वे देश के दूसरे ऐसे नेता बन जाएंगे, जो लगातार तीसरी बार चुनाव जीते और देश के पीएम बने। इससे पहले यह रिकॉर्ड जवाहर लाल नेहरू के नाम पर है।











