इंदौरताजा खबरमध्य प्रदेश

पीएम मोदी का MP में चुनावी शंखनाद, रतलाम में कहा- दो नेताओं के बीच ‘कपड़े फाड़ प्रतियोगिता’, हर चुनाव में कर्जमाफी का झुनझुना लेकर आती है कांग्रेस

रतलाम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के पूर्व आज राज्य में चुनाव प्रचार का आगाज करते हुए कांग्रेस के प्रदेश के दोनों वरिष्ठ नेताओं कमलनाथ और दिग्विजय सिंह को आड़े हाथों लिया और कहा कि दोनों के बीच अभी चल रहा ‘घमासान’ तो सिर्फ ‘ट्रेलर’ है। दोनों के बीच की लड़ाई सिर्फ इस बात की है कि किस का बेटा मध्य प्रदेश कांग्रेस पर कब्जा करेगा।

रतलाम आएं और सेव नहीं खाएं तो उसे आया नहीं मानते : मोदी

रतलाम, धार और उज्जैन के 9 विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा भी उपस्थित रहे। पीएम मोदी ने ना केवल मध्यप्रदेश बल्कि छत्तीसगढ़ में भी भाजपा की सरकार बनने का दावा किया। अपने संबोधन की शुरुआत में पीएम मोदी ने कहा कि रतलाम आएं और यहां का सेव नहीं खाएं तो उसे रतलाम आया नहीं माना जाता है। 3 दिसंबर को जब भाजपा सरकार की वापसी का जश्न मनेगा तो लड्डू के साथ रतलामी सेव भी खूब खाया जाएगा।

एमपी में बीजेपी के समर्थन में चल रही आंधी : मोदी

प्रधानमंत्री ने सभा में कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा के समर्थन में चल रही आंधी अद्भुत है। जो लोग दिल्ली में बैठकर गुणा भाग करते रहते हैं, आज उनका भी हिसाब-किताब बदल जाएगा। अब उनके बीच चर्चा ये नहीं होगी कि कौन जीतेगा, कौन नहीं। बल्कि अब चर्चा होगी बीजेपी दो तिहाई बहुमत लेगा कि दो तिहाई बहुमत कम लेगा। बीजेपी ने मध्य प्रदेश में इतना विकास किया कि लोग भाजपा पर अटूट विश्वास करते हैं। इतना ही नहीं ये भरोसा तब से जब देश में भाजपा को बहुत कम लोग जानते थे। जबकि आज भाजपा बहुत बड़ा राजनीतिक दल बन गया है।

कपड़े फाड़ प्रतियोगिता चल रही : मोदी

आज भारत के गौरव को नई पहचान मिली है और इसमें मध्य प्रदेश का भी बहुत बड़ा योगदान है इसलिए मध्य प्रदेश कह रहा है एक बार फिर बीजेपी की सरकार। देश हो या मध्य प्रदेश कांग्रेस के पास सिर्फ झूठी घोषणा का भोंपू बज गया है। कांग्रेस के नेता फिल्मी हैं। कांग्रेसियों के डॉयलोग और घोषणाएं सब फिल्मी हैं। जब किरदार फिल्मी है, तो सीन तो फिल्मी होगा ही। जब किरदार फिल्मी तो सीन भी फिल्मी ही होगा। कांग्रेस के दो नेताओं के बीच ‘कपड़े फाड़ प्रतियोगिता’ चल रही है। ये फिल्म का ट्रेलर मात्र है। तीन दिसंबर के बाद कांग्रेस की असली पिक्चर दिखेगी।

कांग्रेस मतलब- हजारों करोड़ के घोटाले : मोदी

उन्होंने कहा कि आपस में जो लोग गुत्थमगुत्था हैं, जहां उन्हें मौका मिला है, वहां वे जनता के ही कपड़े फाड़ने लगते हैं। इनको अवसर देना बड़ा संकट है। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ और राजस्थान का क्या हाल कर दिया है। कांग्रेस का मतलब हजारों करोड़ के घोटाले, अपराधियों का बोलबाला, गरीबों से विश्वासघात, दलितों पर अत्याचार और राज्य को बीमार बनाने की गारंटी है। देखें वीडियो….

https://twitter.com/psamachar1/status/1720778076697801105

हर चुनाव में कर्जमाफी का झुनझुना लेकर आती है कांग्रेस : मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश में ऐसा कोई नहीं है जिसे कांग्रेस ने ठगा नहीं है। हर चुनाव में कांग्रेस कर्जमाफी का झुनझुना लेकर आती रहती है। पिछली बार भी इन्होंने यही किया था। लेकिन कांग्रेस का इतिहास है कि इनकी कर्जमाफी का फायदा किसानों को नहीं बल्कि कांग्रेसियों और इनके चेले- चपाटों को ही मिलता है।

शीर्ष नेता अपने-अपने बेटों के लिए लड़ाई लड़ रहे : मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां के कांग्रेस के शीर्ष नेता आपस में सीएम की कुर्सी के लिए नहीं लड़ रहे हैं क्योंकि उन्हें पता है यहां उनकी दाल नहीं गलने वाली है। ये अपने-अपने बेटों के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं, लड़ाई इस बात की है कि किसका बेटा मध्य प्रदेश कांग्रेस पर कब्जा करेगा। कांग्रेस सिर्फ परिवाद का परचम लहरा सकती है।

5 साल तक गरीबों को मुफ्त मिलेगा राशन

पीएम मोदी ने कहा कि देश में गरीबों को तीन साल से मुफ्त राशन दिया जा रहा है। इस योजना की मियाद दिसंबर में पूरी हो रही थी, पर अब आने वाले पांच साल के लिए इसे बढ़ाया जाएगा। मोदी ने कहा कि कांग्रेस एक परिवार से बाहर देख नहीं सकती। कांग्रेस ने तो देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति के खिलाफ भाजपा के एक पुराने नेता को उतार दिया। इससे ये पता चलता है कि आदिवासियों को रोकने के लिए पार्टी किस हद तक जा सकती है।

मोदी ने लोगों से माताएं और बुजुर्ग का आशीर्वाद लेने को कहा

पीएम मोदी ने कहा कि इस क्षेत्र में दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे की बदौलत रोजगार बढ़ेंगे। अब ये अहम व्यापारिक केंद्र बनेगा। उन्होंने दावा किया कि वे अभी छत्तीसगढ़ से आ रहे हैं और वहां भी बीजेपी की सरकार बनना तय है। मोदी ने सभा में मौजूद लोगों से कहा कि लोग घर-घर जाएं और उसने बोले कि स्वयं मोदी रतलाम आए थे। साथ ही घरों की माताओं को उन्होंने प्रणाम करने का कहा है। आगे कहा कि जब माताएं और बुजुर्ग आशीर्वाद देते हैं तो उनके काम करने की ताकत और बढ़ जाती है।

ये भी पढ़ें- MP Election 2023 : चुनाव से पहले चंबल में BJP को लगा बड़ा झटका, पूर्व विधायक ने थामा कांग्रेस का हाथ

मध्य प्रदेश की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button