NEET-UG 2024 : अब 18 जुलाई को होगी सुनवाई, SC ने याचिकाकर्ता को केंद्र और NTA के हलफनामे पर पक्ष रखने का दिया समय

नई दिल्ली। NEET-UG मामले में गड़बड़ी को लेकर 38 याचिकाओं पर अगली सुनवाई अब 18 जुलाई को होगी। याचिकाकर्ताओं को केंद्र और एनटीए (NTA) द्वारा दायर हलफनामों पर अपने जवाब दाखिल करने का समय दिया गया है। चीफ जस्टिस की बेंच ने कहा कि कोर्ट के 8 जुलाई के निर्देश के जवाब में केंद्र और NTA ने अपने हलफनामे दायर कर दिए हैं।
कोर्ट ने सोमवार (8 जुलाई) को कहा था कि, अगर नीट-यूजी 2024 की पूरी प्रक्रिया प्रभावित हुई है तो दोबारा परीक्षा कराने का आदेश दिया जा सकता है।
CBI जांच में क्या आया सामने
CBI जांच में सामने आया है कि, गुजरात के गोधरा में एक सेंटर पर ओडिशा, बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश राज्य के कैंडिडेटस ने एग्जाम दिया था। आरोपियों ने एग्जाम में कैंडिडेटस को एग्जाम के लिए गुजराती भाषा सिलेक्ट करने को कहा था।परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली के सबूत नहीं : सरकार
केंद्र सरकार ने अपने हलफनामे में कहा कि, आईआईटी मद्रास के एक्सपर्ट्स द्वारा NEET-UG 2024 के डेटा का टेक्निकल एनालिसिस किया गया है। इसमें बड़े पैमाने पर गड़बड़ी या किसी स्थानीय स्तर पर उम्मीदवारों को फायदा मिलने का कोई संकेत नहीं मिला है। इसलिए हम दोबारा परीक्षा नहीं करवाना चाहते। डेटा से पता चला कि स्टूडेंट्स को मिले अंकों में ओवरऑल इजाफा हुआ है, खास तौर से 550 से 720 के बीच। यह इजाफा विभिन्न शहरों और केंद्रों में देखा गया। केंद्र सरकान ने कहा कि, बेबुनियाद शक के आधार पर रिटेस्ट करवाने से 5 मई को परीक्षा में शामिल हुए लगभग 24 लाख छात्रों पर बोझ पड़ेगा। पहले के हलफनामे में केंद्र ने कहा था कि फिर से परीक्षा कराने पर लाखों ईमानदार उम्मीदवारों का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा।
जुलाई के तीसरे हफ्ते से होगी काउंसलिंग
केंद्र सरकार ने कहा है कि, जांच के साथ ही एहतियातन NEET काउंसलिंग भी जुलाई के तीसरे हफ्ते में कराने का निर्णय लिया गया है। इसे चार चरणों में आयोजित किया जाएगा, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी का फायदा उठाकर आने वाले छात्र की पहचान और पड़ताल इन चार चरणों में हो ही जाए। ऐसा कुछ सामने आने पर छात्र को तुरंत बाहर कर दिया जाएगा।कुछ एग्जाम सेंटर्स पर हुई गड़बड़ी : NTA
NEET परीक्षा आयोजित करने वाली NTA (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) ने अपने एफिडेविट में बताया कि, उसने राष्ट्रीय, राज्य और शहर स्तर पर NEET-UG 2024 में मार्क्स डिस्ट्रीब्यूशन का विश्लेषण किया है। उसके मुताबिक, सभी राज्यों में पेपर लीक नहीं हुआ है। इसलिए पूरे एग्जाम को रद्द नहीं किया जाना चाहिए। इसके साथ ही NTA ने कहा कि, उसे गोधरा और पटना के कुछ सेंटर्स पर गड़बड़ी की जानकारी मिली है। गड़बड़ी में शामिल छात्रों के रिजल्ट रोक दिए हैं और उन्हें दंडात्मक कार्रवाई और निष्कासन के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। टेलीग्राम पर हुए कथित लीक को NTA ने नकारा है। NTA ने कहा कि, 4 मई को टेलीग्राम पर लीक हुए परीक्षा पेपर की तस्वीर दिखाई गई है। लेकिन एक तस्वीर, जिसे एडिट किया गया था, वो 5 मई 2024 को 17:40 बजे का टाइमस्टैम्प दिखा रही है। वायरल हो रहे वीडियो को नकली बताया जा रहा है। इस बात की पुष्टि सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाएं और टिप्पणियां कर रही हैं। वीडियो में तस्वीरों को एडिट किया गया था और 4 मई के लीक का सुझाव देने के लिए तारीख को जानबूझकर बदला गया था।











