
नई दिल्ली। कनाडा ने देश के हवाईअड्डों से आने-जाने वाली एअर इंडिया की उड़ानों की सुरक्षा बढ़ा दी है। कनाडा ने इसकी जानकारी भारत को दी। इसके साथ ही कानून प्रवर्तन ने कहा कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है और जांच की जा रही है। ये फैसला खालिस्तानी आतंकी और प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस के मुखिया गुरपतवंत सिंह पन्नू के एक वीडियो जारी करने के बाद लिया गया है। वीडियो में उसने चेतावनी देते हुए कहा था कि, “19 नवंबर के बाद एअर इंडिया से उड़ान न भरें, आपकी जान खतरे में हो सकती है।” जिसके बाद से ही भारत लगातार कनाडा से सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहा था।
ग्लोबल नाकाबंदी का किया था आह्वान
खालिस्तानी आतंकी और प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के मुखिया गुरपतवंत सिंह पन्नू ने शनिवार (4 नवंबर) को एक वीडियो जारी किया था। जिसमें उसने एअर इंडिया की फ्लाइट से जुड़ी धमकी दी थी। वीडियो में उसने पंजाबी में सिखों को दो बार चेतावनी देते हुए कहा था कि, हम सिख लोगों से 19 नवंबर को एअर इंडिया की फ्लाइट से ट्रैवल न करने के लिए कह रहे हैं। ये एक वैश्विक नाकाबंदी होगी। 19 नवंबर को एअर इंडिया से ट्रैवल न करें, नहीं तो आपकी जान खतरे में पड़ जाएगी। पन्नू ने आगे दावा किया कि दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट 19 नवंबर को बंद रहेगा और इसका नाम बदल दिया जाएगा। देखें वीडियो…
भारत ने की थी सुरक्षा बढ़ाने की मांग
पन्नू की इस चेतावनी के बाद भारत ने कहा था कि, वो कनाडा आने-जाने वाली एअर इंडिया फ्लाइट की सुरक्षा के लिए कनाडाई अधिकारियों से बात करेगा। ओटावा में भारत के उच्चायुक्त संजय कुमार वर्मा ने कहा था कि, भारत और कनाडा के बीच द्विपक्षीय नागरिक उड्डयन समझौते में ऐसे (धमकी) खतरों से निपटने के नियम हैं। जिसके बाद अब कनाडा ने देश के हवाईअड्डों से आने-जाने वाली एअर इंडिया की उड़ानों की सुरक्षा बढ़ा दी है। बता दें कि, एअर इंडिया कनाडा के टोरंटो और वैंकूवर शहरों से नई दिल्ली के बीच कई वीकली फ्लाइट ऑपरेट करती है।

भारत में पन्नू के खिलाफ 16 केस दर्ज
सिख फॉर जस्टिस संगठन का मुखिया पन्नू भारत का वांटेड आतंकी है। देशभर में उसके खिलाफ करीब 16 केस दर्ज हैं। उस पर दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड में खालिस्तानी मूवमेंट को लेकर ये केस दर्ज किए गए हैं। पन्नू के खिलाफ पंजाब के सरहिंद में UAPA के तहत मामला दर्ज है। अमृतसर में UAPA के तहत एक, दिल्ली में 4 मामले, गुरुग्राम में एक, धर्मशाला में एक और एनआईए द्वारा एक केस दर्ज है। इस तरह उसे UAPA यानी कि अनलॉफुल एक्टिविटी (प्रिवेन्शन) एक्ट के तहत कुल 9 मामलों में आरोपी माना गया है।
कौन है आतंकी पन्नू?
पंजाब में पैदा हुआ गुरपतवंत सिंह पन्नू अभी विदेश में है। वो कभी कनाडा तो कभी अमेरिका में रहता है और विदेश से ही भारत में आतंकी हमले करने की धमकी देता है। वो खुलेआम कनाडा में बसे हिंदुओं को धमकाता है।
पन्नू का जन्म 14 फरवरी 1967 को हुआ था। उसके पिता पंजाब में एक कंपनी में काम करते थे और उसका एक भाई भी है, जो विदेश में ही रहता है। उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है। पन्नू की बात करें तो, उसने चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी से लॉ की पढ़ाई की है और अभी अमेरिका में वकालत कर रहा है। पन्नू ने साल 2007 में ‘सिख फॉर जस्टिस’ संगठन बनाया था। जिसके बाद भारत ने जुलाई 2020 में पन्नू को आतंकी घोषित किया था। आईएसआई की मदद से पन्नू खालिस्तान की मुहिम चला रहा है।
ये भी पढ़ें- खालिस्तानी आतंकी पन्नू का नया VIDEO : निज्जर के कत्ल का लेगा बदला, PM मोदी को दी धमकी; बोला- तेरा अंत नजदीक