Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP Weather Update : प्रदेश में अगले चार दिन तेज बारिश के आसार, अलर्ट जारी, फिर एक्टिव हो रहा स्ट्रांग सिस्टम

MP Weather Update : प्रदेश में अगले चार दिन तेज बारिश के आसार, अलर्ट जारी, फिर एक्टिव हो रहा स्ट्रांग सिस्टम
भोपाल। प्रदेश में बीते दिनों से बारिश का दौर जारी है, जिसके चलते कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। वहीं वातावरण में नमी मौजूद रहने के कारण प्रदेश के विभिन्न जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है। प्रदेश में स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव हो रहा है, जिससे अगले 4 दिन तक तेज बारिश होने के आसार हैं। प्रदेश में जुलाई के महीने में कुल 14.27 इंच बारिश हुई है। वहीं मानसून के बाद से अब तक 18.8 इंच बारिश हो चुकी है, जो कि कुल मानसून का 50.40 प्रतिशत है। अगस्त महीने में भी अधिक बारिश की संभावना जताई जा रही है।

करोंद में नाले में फंसी स्कूल वैन

राजधानी में आज सुबह से ही तेज बारिश हो रही है। जिससे नालों में भी पानी भर गया। दोपहर में करोंद इलाके में स्कूली बच्चों से भरी वैन गुजर रही थी, तभी अचानक पानी के बहाव में नाली में जाकर फंस गई। वहां मौजूद लोगों ने बच्चों को वैन से बाहर निकाला। इसके बाद जेसीबी की मदद से वैन को नाले से निकाला गया।

इन जिलों में जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भोपाल, सागर, जबलपुर, नर्मदापुरम, ग्वालियर और चंबल संभाग के 19 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। जबकि पूर्वी हिस्से जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग के 22 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। पश्चिमी हिस्से भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, ग्वालियर-चंबल में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश का अनुमान है।

अधिक बारिश से भोपाल का पारा लुढ़का

पिछले एक महीने से हो रही बारिश के कारण भोपाल में अब ठंड घुल गई है। बारिश से तापमान में नमी बढ़ी है, जिससे रात और दिन का पारा गिरा है। जुलाई से पहले तक मौसम का मिजाज बिल्कुल उलट था, लेकिन मानसून की दस्तक के बाद मौसम बिल्कुल ठंडा हो चुका है।

प्रदेश में स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव

मध्य प्रदेश में एक बार फिर बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम सक्रिय हुआ है। इससे अगले चार दिनों तक पूरे प्रदेश में जोरदार बारिश की संभावना जताई जा रही है। अगस्त के पहले ही दिन प्रदेश में स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव होकर अगले 4 दिन तक बना रहेगा। अभी दो ट्रॉफ और दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव हैं, जिससे 1 अगस्त से सिस्टम और स्ट्रॉन्ग होगा। इसका असर पूर्वी हिस्से में ज्यादा रहेगा। 2 और 3 अगस्त को भी तेज बारिश हो सकती है। मानसून द्रोणिका औसत समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक फैली हुई है और जैसलमेर, जयपुर, ग्वालियर, सतना, जमशेदपुर से होकर पूर्व-दक्षिण पूर्व की ओर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक जा रही है।

एमपी के पांच बड़े जिलों में बारिश का आंकड़ा

जिला अब तक हुई बारिश(इंच में) बारिश का पूर्व अनुमान(इंच में) कम/ज्यादा(%)
भोपाल 24.79 18.41 +6.38
इंदौर 15.68 16.14 -0.46
जबलपुर 19.85 19.97 -0.12
ग्वालियर 14.13 12.15 +1.98
उज्जैन 16.94 16.51 +0.43
(आंकड़े मौसम विभाग के अनुसार)

प्रदेश में मानसून के 40 दिन हुए पूरे

मध्य प्रदेश में 40 दिन पहले 21 जून को मानसून की एंट्री हुई थी। प्रदेश में सबसे अधिक ज्यादा बारिश सिवनी में हुई है, जहां अभी तक 31.74 बारिश हुई है। रीवा में यह आंकड़ा अभी तक 8 इंच तक भी नहीं पहुंचा है। अब तक प्रदेश में कुल मिलाकर 7% अधिक बारिश हो चुकी है। इसमें पूर्वी हिस्से में 1% और पश्चिमी हिस्से में 14% अधिक बारिश हुई है। अब जो सिस्टम एक्टिव हो रहा है, उसका असर पूर्वी हिस्से- जबलपुर, सागर, शहडोल और रीवा संभाग में ज्यादा देखने को मिलेगा। ये भी पढ़ें- MP News : तेज रफ्तार कार इंदौर-बैतूल हाईवे से नीचे गिरी, एक की मौत, 5 घायल
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts